उत्तराखंड में अपना हेलीकॉप्टर घुसने की घटना को लेकर चीन ने बचाव किया है। चीन का पीएलए चॉपर हेलीकॉप्टर उत्तराखंड के चमोली जिले के बराहोटी सीमा क्षेत्र में घुस आया था। चीन ने कहा कि भारत चीन के बीच सीमा पर पूर्वी भाग में क्षेत्रीय विवाद है और चीनी सेना उन क्षेत्रों में अकसर गश्त करती है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने बताया ‘चीनी सेना संबंधित क्षेत्रों में नियमित गश्त करती है। हमें आशा है कि हमें सीमा पर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयास करना होगा।’
बता दें कि शनिवार को चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी के दो हेलिकॉप्टर भारतीय वायु सीमा के चमोली जिले के बराहोटी इलाके में उड़ता दिखा था। इस साल मार्च से अब तक चौथी बार चीन के इस दुस्साहस ने सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता बढ़ा दी है।
नई दिल्ली के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक चीन का यह हेलीकॉप्टर 5 मिनट तक चक्कर लगाने के बाद वापस लौट गया। काफी उम्मीद है कि इस दौरान उन्होंने ऊपर से भारतीय सैनिकों की टुकड़ी की तस्वीरें भी ली होंगी या फिर वह निगरानी रखने आए हों। हालांकि भारतीय वायु सेना पूरे मामले की जांच में जुट गई है।