अमेरिका और चीन के शीर्ष अधिकारियों के बीच बीजिंग में दो दिनों तक चली व्यापार वार्ता शुक्रवार को समाप्त हो गई। अब अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइजर और वित्त मंत्री स्टीवन न्यूचिन समेत अन्य शीर्ष अमेरिकी अधिकारी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। दुनिया के दो शीर्ष अर्थव्यवस्था वाले इन देशों के बीच लंबे से जारी व्यापार तनाव को कम करने के लिए यह बुलाई गई थी। तनाव कम करने के लिए क्या प्रगति हुई इस पर फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई।
व्यापार वार्ता पर पूरी दुनिया की निगाहें लगी हुई थी। बैठक शुरू होने से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था चीन अमेरिका के साथ व्यापार समझौता के लिए तैयार है। यह एक अच्छा मौका है जब चीन के साथ व्यापार पर वास्तविक समझौता होना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आर्थिक सलाहकार लैरी कुडलो ने हाल में कहा था कि चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने मिलने की इच्छा जाहिर की है, जो अच्छा संकेत है।
गौरतलब है कि अमेरिका ने चीनी सामान पर 250 अरब डालर का शुल्क लगाया था, जिसके बाद चीन ने भी अमेरिकी उत्पादों पर 110 अरब डालर का शुल्क लगा दिया। पिछले साल 1 दिसंबर को राष्ट्रपति ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग 90 दिनों के लिए व्यापार युद्ध (ट्रेड वॉर) पर विराम के लिए सहमत हुए थे, ताकि इस मुद्दे पर वार्ता हो सके।