चीन के बाजार नियामक ने शनिवार को कहा है कि वह एकाधिकार विरोधी जांच के बाद देश की शीर्ष कंपनी टेनसेंट की वीडियो गेम स्ट्रीमिंग साइटों हुया और दोयू के विलय पर रोक लगा देगा।
टेनसेंट ने पहली बार कंपनियों में अपने दांव को सुव्यवस्थित करने के लिए डिजाइन किए गए एक टाई-अप में हुया और दोयू के विलय की 5.3 अरब डॉलर की योजना का एलान किया था।
बता दें कि डाटा फर्म कंपनी मोबटेक के एक अनुमान के मुताबिक तीन अरब डॉलर से बड़े बाजार पर कंपना का हिस्सा 80 फीसदी है और यह तेजी से बढ़ रहा है। इससे पहले साल की शुरुआत में एकाधिकार विरोधी नियामक ने ई-कॉमर्स के दिग्गज अलीबाबा पर भी प्रतिस्पर्धा विरोधी व्यवहार में शामिल होने के कारण रिकॉर्ड 2.75 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया था। टेनसेंट ने कहा है कि वह किसी भी निर्णय का पालन करेगा और लागू कानूनों तथा विनियमों के मुताबिक काम करेगा।
कैब सेवा देेने वाली ‘दीदी’ से 25 एप हटाने को कहा
चीन के नियामक ने व्यक्तिगत डाटा जुटाने के खिलाफ नियमों के गंभीर उल्लंघन का हवाला देते हुए, देश की सबसे बड़ी कैब सेवा दीदी ग्लोबल इंक के स्वामित्व वाले 25 एप को एप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है। चीन के साइबरस्पेस प्रशासन ने मुख्य दीदी एप को पहले ही हटा लिया था, जबकि 25 अतिरिक्त एप में ड्राइवरों के लिए डिजाइन किए गए एप भी शामिल हैं।
चीनी अधिकारियों ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि वे विदेशों में सूचीबद्ध कंपनियों की निगरानी बढ़ाएंगे। नए उपायों के तहत, डाटा सुरक्षा और सीमा पार डाटा प्रवाह के विनियमन के साथ-साथ गोपनीय डाटा के प्रबंधन में सुधार किया जाएगा।
दीदी एक नई कंपनी है जो चीन सरकार की जांच का सामना कर रही है। जांच में पाया गया है कि कंपनी ने निजी जानकारी एकत्र की और उसका इस्तेमाल किया। इसमें नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इंटरनेट नियामक ने यह भी कहा है कि दीदी को जांच पूरी होने तक नए ग्राहकों को स्वीकार करने से भी रोक दिया गया है।