विस्तारवादी नीति के लिए बदनाम चीन के एक और काले कारनामे का खुलासा हुआ है। ब्रिटिश समाचार वेबसाइट एक्सप्रेसडॉटसीओडॉटयूके की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन अफ्रीका के जंगलों में मिलने वाले शीशम के अवैध कारोबार के लिए बोको हरम जैसे आतंकी संगठनों को फंडिंग कर रहा है।
अफ्रीका के जंगलों में अंधाधुंध लूट के जरिये चीन ने शीशम की एक प्रजाति को विलुप्त होने की कगार पर पहुंचा दिया है। अनुमान के मुताबिक, चीन अफ्रीका से सालाना 2.2 अरब डॉलर की लकड़ियों का आयात करता है, लेकिन अवैध कटाई की वजह से यह 17 अरब डॉलर तक हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सरकार एक तरफ अपने देश में लकड़ी की कटाई पर कड़े प्रतिबंध लगा रही है, वहीं दूसरी तरफ अवैध कटाई के लिए दूसरे देशों में आतंकी संगठनों को पैसा दे रही है। पर्यावरणविदों ने इसे लेकर चेतावनी दी है, क्योंकि शीशम के पेड़ों को दोबारा विकसित होने में दशकों का समय लग जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भ्रष्टाचार और कालाबाजारी की वजह से यह कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और इससे नाइजीरिया में बोको हराम जैसे आतंकवादी संगठनों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। समाचार वेबसाइट ने विशेषज्ञों और इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से यह रिपोर्ट पेश की है।