चीन और अमेरिका के बीच पिछले कई माह से चल रहे ट्रेड वॉर के बीच राहत की खबर आई है। दोनों देशों में एक दूसरे के सामान पर लगाए गए टैरिफ को चरणबद्ध तरीके से हटाने पर सहमति बन गई है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। हालांकि टैरिफ को हटाने के लिए कोई खास समय सीमा नहीं बताई गई है।
अमेरिका और चीन में शुरुआती करार होने से यूरोप के शेयर मार्केट में तेजी देखी गई और बृहस्पतिवार को यह चार साल के शीर्ष पर पहुंच गया। निक्केई और डाउ जोंस के बाजार में भी तेजी देखने में आई। बाजार सूत्र मानते हैं कि ट्रेड वॉर की शुरुआत टैरिफ के साथ हुई थी और टैरिफ को खत्म करने के साथ ही इसे खत्म हो जाना चाहिए।
चीनी वार्ताकार चाहते हैं कि अमेरिका 125 अरब डॉलर की कीमत के चीनी सामान पर 15 फीसदी टैरिफ को हटा ले। साथ ही मशीनरी और सेमीकंडक्टर से लेकर फर्नीचर तक 250 अरब डॉलर की लागत वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ पर राहत दे। सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की इस महीने होने वाली मुलाकात में एक करार पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।