पिछले कुछ वर्षों से खराब मानसिक स्वास्थ्य से गुजर रहे बच्चों की संख्या कोरोना काल में बढ़ गई है। अमेरिका के कई अस्पतालों से मिला डाटा बताता है कि 13 साल से कम उम्र के संकटग्रस्त बच्चों के मामलों में काफी उछाल आया है। वहीं, पहले के मुकाबले ज्यादा किशोर आपातकालीन सेवाएं ले रहे हैं।
आधे बच्चों को नहीं मिला उपचार
विशेषज्ञों के मुताबिक, कई मनोरोग यूनिटें 12 साल से कम के बच्चों को भर्ती ही नहीं कर रहीं , क्योंकि बड़े बच्चों से ज्यादा निगरानी व देखभाल की जरूरत पड़ती है।
- जामा पीडियाट्रिक्स पत्रिका में प्रकाशित एक शोध में पता लगा था कि 2016 में मानसिक विकारों से पीड़ित 77 लाख अमेरिकी बच्चों में से आधे पेशेवर डॉक्टरों से इलाज ही नहीं ले पाए।
एक लाख बच्चों पर 13 मनोचिकित्सक
द अमेरिकन एकेडमी ऑफ चाइल्ड एंड एडोलसेंट साइकिएट्री ने देश में बाल मनोचिकित्सकों की भारी कमी बताई है। मसलन, कैलिफोर्निया में 18 साल छोटे एक लाख बच्चों के लिए ऐसे सिर्फ 13 मनोचिकित्सक ही हैं।
स्वास्थ्य बीमा भी इलाज में अड़चन
बीमा कंपनियां अन्य इलाजों की तुलना में मानसिक इलाज का उतना पैसा नहीं देतीं। कम मुनाफे के कारण बच्चों के मानसिक रोगों पर जोर नहीं है। हालांकि, स्वास्थ्य संस्थान अब बच्चों के मानसिक रोगों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।