शिकागो के एंडेवर हेल्थ स्वीडिश अस्पताल में शनिवार सुबह गोलीबारी हुई। घटना के बाद पूरे कैंपस को लॉकडाउन कर दिया गया। स्थानीय खबरों के अनुसार दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित बताया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला शिकागो के एक अस्पताल में हुआ है। यहां गोलीबारी के बाद पूरे अस्पताल कैंपस को लॉकडाउन कर दिया गया है। एंडेवर हेल्थ स्वीडिश अस्पताल प्रशासन ने शनिवार को जानकारी दी कि स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद सभी मरीज और कर्मचारी सुरक्षित हैं। प्रशासन ने यह भी बताया कि दोपहर तक अस्पताल में किसी भी तरह का सक्रिय खतरा नहीं था।
विज्ञापन
यह गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे हुई। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। शिकागो पुलिस विभाग ने इस मामले में और जानकारी देने के लिए किए गए कई अनुरोधों का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।