अमेरिका के वेस्ट वर्जीनिया में एक प्लांट में केमिकल लीक की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग बीमार पड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, कैटेलिस्ट रिफाइनर्स नाम के प्लांट में यह हादसा तब हुआ, जब कर्मचारी फैक्ट्री के एक हिस्से को बंद करने की तैयारी कर रहे थे।
अमेरिका के वेस्ट वर्जीनिया में एक केमिकल प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक फैक्ट्री में जहरीली गैस के लीक होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग बीमार हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैटेलिस्ट रिफाइनर्स नाम के प्लांट में हादसा
यह हादसा इंस्टीट्यूट इलाके में स्थित कैटेलिस्ट रिफाइनर्स नाम के प्लांट में हुआ। बताया जा रहा है कि जब कर्मचारी फैक्ट्री के एक हिस्से को बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक केमिकल रिएक्शन हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, नाइट्रिक एसिड और किसी अन्य पदार्थ के बीच तेज प्रतिक्रिया हुई, जिससे जहरीली गैस निकलने लगी।
विज्ञापन
राहत-बचाव में शामिल एम्बुलेंस कर्मी भी हुए प्रभावित
इस घटना में राहत और बचाव के लिए पहुंचे एम्बुलेंस कर्मी भी प्रभावित हुए, जिनमें सात लोग शामिल हैं। कई घायलों को निजी गाड़ियों से अस्पताल ले जाया गया, यहां तक कि एक व्यक्ति को कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में कुछ घंटों के लिए लोगों को घरों में ही रहने का आदेश दिया गया। बाद में हालात सामान्य होने पर यह आदेश हटा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी मौतें और घायल लोग फैक्ट्री परिसर के अंदर ही थे।
बड़े पैमाने पर चलाया गया डी-कंटैमिनेशन अभियान
गैस के असर को कम करने के लिए बड़े स्तर पर डी-कंटैमिनेशन अभियान चलाया गया, जिसमें प्रभावित लोगों को कपड़े उतारकर पानी से साफ किया गया। प्लांट की मालिक कंपनी एम्स गोल्डस्मिथ कॉर्प. ने इस घटना पर दुख जताया है और कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी। यह प्लांट इंस्टीट्यूट के पास स्थित है, जो राज्य की राजधानी चार्ल्सटन से लगभग 10 मील (16 किलोमीटर) पश्चिम में है।