अमेरिका में भारतीय मूल की सांसद प्रमिला जयपाल को जान से मारने की धमकी देने और 'भारत वापस जाओ' के नारे लगाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सांसद का आपराधिक रूप से पीछा करने का आरोप लगाया गया है।
49 साल का आरोपी ब्रेट फॉरसेल सांसद प्रमिला जयपाल के घर के बाहर पिस्तौल लेकर खड़ा हो गया था और उसने 'भारत वापस जाओ' के नारे लगाए थे। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। किंग काउंटी के अभियोजन कार्यालय ने अदालत में सुनवाई के दौरान कहा कि यदि आरोपी ब्रेट फॉरसेल को जमानत पर रिहा किया जाता है तो वह किसी अन्य हिंसक अपराध को अंजाम दे सकता है। अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, फॉरसेल पर बुधवार को आरोप तय किए गए। उसने कथित तौर पर जांचकर्ताओं से कहा है कि वह रिहा होने के बाद फिर से प्रमिता जयपाल के घर जाएगा।
.40 की पिस्तौल लेकर गया था सांसद के घर
सिएटल स्थित समाचार वेबसाइट किंग5डॉटकॉम की खबर में कहा गया है कि अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, फॉरसेल सांसद के घर के बाहर .40 कैलिबर की पिस्तौल लेकर गया था। खबर में कहा गया है कि नौ जुलाई को जयपाल तथा उनके पति को वेस्ट सिएटल में उनके घर के बाहर से किसी के चिल्लाने की आवाज आई। इस पर जयपाल के पति स्टीव विलियम्सन बाहर गए और उन्होंने किसी पुरुष के चिल्लाने की आवाज सुनी, जो कह रहा था, 'भारत वापस जाओ'। इस दंपती ने आरोपी को जयपाल के लिए 'कम्युनिस्ट' शब्द कहते भी सुना।
चेन्नई में जन्मीं हैं जयपाल
चेन्नई में जन्मीं जयपाल ने आरोप तय किए जाने की खबरें आने के बाद कहा, किंग काउंटी अभियोजक के अटॉर्नी कार्यालय से आज खबर आई कि उन्होंने फॉरसेल पर आपराधिक रूप से पीछा करने का आरोप लगाया है, यह दिखाता है कि न्याय प्रणाली अपना काम कर रही है।