मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी
- फोटो : एक्स/क्लाउडिया शीनबाम पार्दो/ANI
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ नीति के बीच कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अगले महीने सितंबर में मैक्सिको की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम से मुलाकात करेंगे। इस बात की जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को दी, हालांकि उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर जानकारी साझा की। यह बैठक ऐसे समय में होने जा रही है जब अमेरिका के पड़ोसी देश कनाडा और मैक्सिको अमेरिकी टैरिफ (शुल्क) से जूझ रहे हैं और अगले साल यूएसएमसीए फ्री ट्रेड डील की समीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। यह व्यापार समझौता (यूएसएमसीए) 2020 में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में लागू हुआ था।
ये भी पढ़ें:- Trump-Putin: अलास्का में मिलीं दो महाशक्तियां, बंद कमरे में पुतिन-ट्रंप की बैठक जारी; क्या थमेगी यूक्रेन जंग?
समझिए टैरिफ का कनाडा और मैक्सिको पर असर
बता दें कि यूएसएमसीए समझौते के तहत जो वस्तुएं इस व्यापार समझौते के नियमों को पूरा करती हैं, उन पर अमेरिका का टैरिफ लागू नहीं होता। लेकिन ट्रंप ने कुछ खास क्षेत्रों के लिए अलग टैरिफ लगा रखे हैं, जिन्हें 232 टैरिफ कहा जाता है। इन टैरिफ के तहत स्टील और एल्यूमिनियम पर 50% शुल्क और ऑटोमोबाइल्स (गाड़ियों) पर 25% शुल्क लगाया गया है। इन टैरिफ का असर कनाडा और मैक्सिको दोनों देशों पर पड़ा है।
ये भी पढ़ें:- US Tarrifs: अमेरिकी सांसदों ने कहा- भारत पर टैरिफ लगाकर पुतिन को नहीं रोका जा सकता, यूक्रेन को मदद दें ट्रंप
मैक्सिको के साथ व्यापार संबंध मजबूत करने की कोशिश
अपने मैक्सिको दौरे से पहले प्रधानमंत्री कार्नी पहले ही अपने विदेश मंत्री और वित्त मंत्री को क्लाउडिया शीनबाम से मिलने मैक्सिको भेज चुके हैं ताकि दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते और मजबूत हो सकें। इसके जवाब में राष्ट्रपति शीनबाम ने जून में कनाडा का दौरा किया था, जब G7 सम्मेलन कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में आयोजित हुआ था। गौरतलब है कि मैक्सिको अमेरिका और चीन के बाद कनाडा का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, कनाडा, साल 2024 में मैक्सिको का पांचवां सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार था।