भारतीय मूल के कनाडा के विपक्षी नेता जगमीत सिंह ने खुलासा किया है कि जब वह 10 साल के थे तो उनके ताइक्वांडो प्रशिक्षक ने उनका यौन उत्पीड़न किया था और इस उत्पीड़न के बारे में उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा। अपने संस्मरण में सिख नेता ने नस्लवाद और बदमाशियों के बारे में भी लिखा है जिसका उन्होंने बचपन में सामना किया।
सिंह ने पिछले महीने कनाडा की राजनीति में तब इतिहास रचा जब उन्होंने देश की एक बड़ी विपक्षी पार्टी की ओर से ‘हाउस ऑफ कॉमंस’ में पहले अश्वेत नेता के रूप में पदार्पण किया। ‘ग्लोबल न्यूज’ के मुताबिक, न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के 40 वर्षीय सिख नेता ने अपनी जीवनी में कहा है कि यह घटना 1980 के दशक में हुई थी जब वह विंडसर, ओंटारियो में रह रहे थे। अपनी किताब ‘लव एंड करेज : माय स्टोरी ऑफ फैमिली, रिजाल्यन्स एंड ओवरकमिंग द अनएक्सपेक्टेड’ में उन्होंने घटना का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि उनके प्रशिक्षक की बाद में मौत हो गई। सिंह ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि इससे दूसरे लोगों को भी एहसास होगा कि उनकी कोई गलती नहीं है और उन्हें खुलकर बोलना चाहिए।
पिता की शराब की लत से परिवार टूटा
कनाडा के सिख नेता ने अपने संस्मरण में लिखा कि उनके पिता की शराब की लत से किस तरह उनका परिवार टूट गया था। कुछेक सुधार गृहों में असफल रहने के बाद उनके पिता की जिंदगी विंडसर के ब्रेंटवुड रिकवरी होम में जाकर बच पाई।