महात्मा गांधी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : पेक्सेल्स
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की खबर सामने आई है। महात्मा गांधी की प्रतिमा को निशाना बनाने की एक ही महीने में यह दूसरी घटना है। इससे पहले ओंटारियो प्रांत में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। जिसका आरोप खालिस्तान समर्थकों पर लगा था। ताजा मामले में भी खालिस्तान समर्थकों पर ही आरोप लग रहे हैं।
यूनिवर्सिटी कैंपस में महात्मा गांधी की प्रतिमा की क्षतिग्रस्त
खबर के अनुसार, ब्रिटिश कोलंबिया में स्थित साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी के बर्नबे कैंपस में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को निशाना बनाया गया है। जिस पर वैंकुवर के महावाणिज्य दूत ने नाराजगी जाहिर करते हुए घटना की निंदा की और दोषियों की पहचान कर कड़ी सजा देने की मांग की। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इस पर बयान जारी किया है। जिसमें कहा है कि कनाडाई अथॉरिटीज से अपील की गई है कि वह मामले की जांच कर जल्द दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
इससे पहले बीती 23 मार्च को ओंटारियो प्रांत के हेमिल्टन शहर के सिटी हॉल स्थित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया था। ओंटारियो की घटना का खालिस्तान समर्थकों पर आरोप लगे थे। बता दें कि कनाडा में महात्मा गांधी की प्रतिमा और हिंदू मंदिरों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार देखने को मिल रही हैं। बीते साल जुलाई में रिचमंड हिल स्थित विष्णु मंदिर में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। बीती 13 फरवरी को मिसिसोगा में खालिस्तान समर्थकों ने मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिख दिए थे। इस पर भारतीय उच्चायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी।