कनाडा में भारतीयों के खिलाफ हिंसा जारी है। अब यहां के भगवत गीता पार्क के प्रतीक चिह्न को तोड़ा गया है। इसकी पुष्टि मेयर पैट्रिक ब्राउन ने की है। उन्होंने बताया, हाल ही में इस पार्क का अनावरण किया गया था।
इस घटना से पहले कनाडा के स्वामीनारायण मंदिर में भी तोड़फोड़ की खबर सामने आई थी। इसके बाद भगवत गीता पार्क की घटना ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वहीं मेयर पैट्रिक ब्राउन ने इस घटना की निंदा की और कहा कि हम इसके लिए जीरो टॉलरेंस रखते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ सरकार कड़े कदम उठाएगी।
कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने मामले पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम ब्रैम्पटन में श्री भगवद गीता पार्क में घृणा अपराध की निंदा करते हैं और कनाडा के अधिकारियों और पुलिस से जांच करने और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं।
मोदी सरकार ने जारी की थी एडवाइजारी
इससे पहले कनाडा में हुई गोलीबारी में एक भारतीय छात्र को गोली लग गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद भारत सरकार की ओर से कनाडा में रहने वाले छात्रों व अन्य नागरिकों के अलावा वहां की यात्रा करने वाले नागरिकों के लिए एडवाइजारी जारी की गई थी। इसमें कहा गया था कि हाल की घटनाओं को देखते हुए भारतीयों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।