फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कूटनीति: क्या भारत रुकवा सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध? नीदरलैंड के विदेश मंत्री कह दी बड़ी बात

Mon, 23 Nov 2026 08:00 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रूस के साथ भारत के संबंधों को नीदरलैंड ने यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में एक अतिरिक्त ताकत बताया है। डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन के मुताबिक, भारत रूस को संघर्ष विराम के लिए समझा सकता है। इसके साथ दोनों देशों ने व्यापार, सेमीकंडक्टर और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। आखिर रूस के साथ भारत के रिश्ते इतने अहम क्यों हैं? क्या भारत यूक्रेन युद्ध रोकने में प्रभावी भूमिका निभा सकता है? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
रूस के साथ भारत के रिश्तों को नीदरलैंड ने क्यों बताया अहम? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूस से भारत के रिश्ते को नीदरलैंड ने बताया 'अतिरिक्त ताकत', कहा- यूक्रेन युद्ध रुकवाने में निभा सकता है अहम भूमिका

विज्ञापन

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने में भारत की भूमिका को लेकर नीदरलैंड ने बड़ा बयान दिया है। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने कहा है कि रूस के साथ भारत के अच्छे संबंध दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक 'अतिरिक्त ताकत' हैं। भारत अपने पुराने संबंधों का इस्तेमाल करके रूस को युद्ध खत्म करने और संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए समझा सकता है। बेरेंडसन ने यह बात भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता और रूस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने से जुड़े सवाल पर कही। उनका मानना है कि भारत और नीदरलैंड के बीच सहयोग वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भी मददगार हो सकता है।

रूस के साथ भारत के रिश्तों को नीदरलैंड ने क्यों बताया अहम?
नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन 22 और 23 नवंबर को भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। उन्होंने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ पहली विदेश मंत्री स्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की गई। बेरेंडसन ने कहा कि भारत का अपना इतिहास, दुनिया में अपनी भूमिका और दूसरे देशों के साथ अपने संबंध हैं। नीदरलैंड भारत के रूस के साथ रिश्तों को सकारात्मक रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि भारत इन संबंधों का इस्तेमाल रूस को युद्ध रोकने और संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए समझाने में कर सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध पांचवें साल में पहुंच चुका है। दोनों तरफ से हमले तेज हैं। रूस यूक्रेन के शहरों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रहा है, जबकि अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही शांति वार्ता में कैदियों की अदला-बदली के अलावा खास प्रगति नहीं हुई है।
विज्ञापन


भारत और नीदरलैंड किन क्षेत्रों में बढ़ाएंगे सहयोग?
दोनों देशों ने आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए कई अहम क्षेत्रों पर चर्चा की। बैठक में इन मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
ऊर्जा और सुरक्षा: दोनों देश ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।
तकनीक और सेमीकंडक्टर: तकनीकी क्षेत्र और चिप निर्माण में साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा।
कच्चा माल: जरूरी कच्चे माल पर दूसरे देशों की निर्भरता कम करने और नए साझेदार बनाने पर जोर दिया गया।
कृषि और जल प्रबंधन: खेती, पानी और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पुराने सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।
समुद्री रास्ते: समुद्री सुरक्षा और जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता को दोनों देशों ने अहम बताया।

भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते से क्या फायदा होगा?
बेरेंडसन ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को अहम बताया। उनके मुताबिक, दिसंबर में होने वाला यह समझौता केवल सामान के व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऊर्जा बदलाव और हरित हाइड्रोजन के कारोबार के नए अवसर भी खोलेगा। भारत 2024-25 में नीदरलैंड का कुल व्यापार 27.7 अरब डॉलर रहा। नीदरलैंड दुनिया में भारत का 11वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार, तीसरा सबसे बड़ा निर्यात बाजार और यूरोप में सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। बेरेंडसन ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और नीदरलैंड की सेमीकंडक्टर कंपनी एएसएमएल के बीच हुए समझौता ज्ञापन का भी स्वागत किया। यह समझौता मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे के दौरान हुआ था। इसका उद्देश्य गुजरात के धोलेरा में भारत के पहले व्यावसायिक 300 एमएम यानी 12 इंच के सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र को सहयोग देना है।
विज्ञापन


काला सागर और यूक्रेन युद्ध पर भारत की भूमिका को क्यों सराहा?
बेरेंडसन ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध का असर दुनिया की खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ा है। उन्होंने काला सागर के रास्ते अनाज की सुरक्षित आवाजाही के लिए संभावित व्यवस्था बनाने की दिशा में भारत के प्रयासों की सराहना की। युद्ध के दौरान इस समुद्री क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमले बढ़े हैं। भारत और नीदरलैंड दोनों समुद्री व्यापार पर निर्भर देश हैं, इसलिए जहाजों की सुरक्षित आवाजाही उनके लिए महत्वपूर्ण है। जयशंकर ने भी बैठक में आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन को साझा चुनौतियां बताया। दोनों मंत्रियों ने भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी के 2026-2030 के रोडमैप की प्रगति की समीक्षा की। इसमें व्यापार, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल सुरक्षा, आतंकवाद विरोध, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि, जल और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र शामिल हैं। बेरेंडसन ने बताया कि जयशंकर के साथ इस साल उनकी यह छठी मुलाकात है। सोमवार को वह केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मिलने वाले हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें