बर्गर किंग यूके ने 2 नवंबर को ट्विटर पर ग्राहकों से अपील करते हुए एक पोस्ट की। इसमें बर्गर किंग ने लिखा, ''हमने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हम आपको ऐसा करने के लिए कहेंगे। हमने कभी नहीं सोचा था कि हम आपको पिज्जा हट, केएफसी, डोमिनोज, मैकडॉनल्ड्स या दूसरे फास्ट फूड चेन से खाना ऑर्डर करने के लिए कहेंगे। हमने कभी नहीं सोचा था कि हम आपको ऐसा करने के लिए कहेंगे, लेकिन दुनिया भर में अलग-अलग रेस्तरां में काम करने वाले हजारों लोगों को आपकी मदद की जरूरत है।''
बता दें कि कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। जीवन अब पहले जैसा नहीं रहा है। हर क्षेत्र के कारोबार प्रभावित हुए हैं, लेकिन टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर सबसे तगड़ी मार झेल रहा है, जिसके चलते होटल और रेस्तरां उद्योग भी बुरी तरह प्रभावित हैं। भारत में अनलॉक के तहत हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को दोबारा खोला तो गया है, लेकिन कारोबार को पटरी पर आने में अभी समय लगेगा। वहीं कई यूरोपीय देशों में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते दोबारा लॉकडाउन लगाया जा रहा है। ऐसे में बर्गर किंग की इस अपील पर पूरी दुनिया के लोग भावुक हैं क्योंकि इसमें अपने प्रतिद्वंदी कंपनी में काम करने वाले हजारों लोगों के प्रति सहानुभूति और मदद की अपील की गई है।