ब्रिटिश राज परिवार से हाल ही में अलग हुए प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्केल पर अपने स्टाफ को धमकाने का आरोप लगा है। इस पर शाही आवास ‘बकिंघम पैलेस’ ने कहा है कि वह ‘डचेस ऑफ ससेक्स’ मेगन मर्केल पर लगे आरोपों की जांच करेगा।
प्रिंस हैरी की पत्नी पर लगे हैं स्टाफ को धमकाने के आरोप
द टाइम्स ऑफ लंडन ने दावा किया कि मर्केल ने दो निजी सहायकों को निकाला और उन्हें अपमानित भी किया था। खबर के मुताबिक, मेगन और उनके पति प्रिंस हैरी के तत्कालीन संचार सचिव जैसन नौफ ने इस संबंध में आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई थी।
नौफ अब हैरी के बड़े भाई प्रिंस विलियम के साथ काम करते हैं। बकिंघम पैलेस ने कहा कि पैलेस की मानव संसाधन टीम लेख में दर्ज हालात पर गौर करेगी और मौजूदा व पूर्व कर्मचारियों से भी बात करेगी। पैलेस ने कहा, शाही घराने की नीतियों में गरिमा का चलन वर्षों से है और कार्यस्थल में उत्पीड़न न तो कभी बर्दाश्त किया गया है और ना कभी किया जाएगा।
शाही परिवार झूठ बोल रहा है : मेगन
एक अन्य मामले में मेगन मर्केल ने दावा किया कि उन्होंने कभी भी बकिंघम पैलेस के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं किया है। अमेरिकी सीबीएस चैनल को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि शाही परिवार उनके बारे में झूठे झगड़े गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम अभी भी चुप रहेंगे। लेकिन हमारे बारे में जो कुछ भी बोला जा रहा है वह झूठ है।