जरा सोचिए कि अगर आपको अपने पालतू जानवर को ही आपना जीवनसाथी बनाना पड़े तो क्या होगा? आप ऐसी कल्पना भी नहीं कर पा रहे होंगे कि इंसान और जानवर जीवनसाथी कैसे हो सकते हैं। लेकिन ब्रिटेन की एक महिला ने अपने पालतू कुत्ते से शादी रचा कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है।
इंसानों से मिले धोखे और रिश्तों की उलझनों से परेशान होकर ब्रिटेन की एलिजाबेथ ने अपने पालतू कुत्ते 'लोगान' से ही शादी कर ली। एलीजाबेथ ने ब्रिटिश टेलीविजन के एक लाइव शो में अपने कुत्ते से शादी की और कहा कि चार सगाइयां टूट जाने के बाद मेरा पुरुषों पर से विश्वास उठ गया था। किस्मत ने मुझे और लोगान को एक दूसरे से मिलाया है।
हम दोनों की मुलाकात तब हुई जब हमें एक दूसरे की सबसे ज्यादा जरूरत थी। लोगान से मिलने से पहले मैं पूरी तरह टूट चुकी थी। उसके कारण ही मैं फिर से ठीक हो पाई हूं।
लाइव शो के दौरान दोनों ने बड़े धूम-धाम के साथ इस अनोखी शादी की रस्में पूरी कीं। पहले तो लोगान और एलिजाबेथ ने एक दूसरे को ब्रेसलेट और अंगूठी पहनाई और फिर एक दूसरे को चूम कर शादी की रस्म निभाई। इस दौरान एलीजाबेथ का कुत्ता लोगान बिल्कुल किसी दूल्हे की तरह काला कोट और हैट पहनकर आया था, जबकि एलिजाबेथ सफेद गाउन में नजर आ रही थी।
एलिजाबेथ की इस शादी को कई डॉग लवर्स बहुत सराह रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में सोशल मीडिया पर लोग इस फैसले पर नापसंदगी जाहिर कर रहे हैं। कुछ लोगों का ऐसा भी कहना है कि पुरुषों से धोखा मिलने के बाद कम से कम 'लोगान' उनके साथ सच्चा तो रहेगा।
सोशल मीडिया पर इस अजीबोगरीब शादी को लेकर खूब चर्चा हो रही है। सब लोग अलग-अलग राय दे रहे हैं। हालांकि एलिजाबेथ का यह कदम वाकई अपने आप में सबसे अलग और हैरान करने वाला है।