ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने गुरुवार को शाही यात्रा के दौरान एक अनजान ग्राहक से फोन पर बात की। वाकया बर्मिंघम के एक भारतीय रेस्त्रां का है। यहां उन्होंने एक अनजान ग्राहक का फोन रिसीव किया और टेबल बुकिंग के लिए बात की। यह रेस्त्रां एक परिवार के लोग मिलकर चलाते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भविष्य के ब्रिटेन के राजा, उनकी पत्नी केट मध्य इंग्लैंड में बर्मिंघम की अपनी यात्रा के दौरान एक परिवार की ओर संचालित भारतीय स्ट्रीटरी पहुंचे थे। इस दौरान रेस्त्रां में एक फोन आया। फोन करने वाले ग्राहक को दो लोगों के लिए टेबल बुक करनी थी।
बताया जा रहा है कि फोन पर बात करने के बाद प्रिंस विलियम ने रेस्त्रों मालिकों से बात की और बुकिंग की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने टेबल खाली होने की स्थिति को लेकर भी चर्चा की। ग्राहक को एक ट्रेन भी पकड़नी थी, ऐसे में उनके समय के मुताबिक बुकिंग की व्यवस्था के लिए प्रिंस ने रेस्त्रां की बुकिंग लिस्ट को चेक किया। प्रिंस ने बातचीत समाप्त करते हुए पूछा कि बुकिंग किसके नाम पर करनी है? सवा दो बजे मिलते हैं।
रोचक यह भी रहा कि ग्राहक को पता ही नहीं चला कि फोन पर उनकी प्रिंस विलियम से बात हो रही है। उन्होंने फोन करने वाले को अपना नाम तक नहीं बताया। इसके बाद विलियम के कार्यालय ने ट्विटर पर कहा कि उम्मीद है कि हमने इस ग्राहक को सही जगह पर आने पहुंचने में मदद की...! बताया जा रहा है कि प्रिंस ने रेस्त्रां की रसोई में व्यंजन तैयार करने में भी स्टाफ की मदद की।