ब्रिटेन में रह रहे पाकिस्तानी नेता एवं मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के संस्थापक अल्ताफ हुसैन को गुरुवार को लंदन पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया गया। अल्ताफ हुसैन पर पाकिस्तान में स्थित अपने समर्थकों को कथित भड़काऊ भाषण प्रसारित करने का आरोप है। ब्रिटिश पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, इसी संबंध में पूछताछ के लिए हुसैन को बुलाया गया था।
एमक्यूएम नेता की ओर से जारी बयान में कहा गया, हुसैन से कुछ देर के लिए पूछताछ की गई और वह घर लौट आए हैं। एमक्यूएम को कानून व्यवस्था और ब्रितानी कानूनी प्रणाली पर पूरा भरोसा है।
बता दें कि, हुसैन को ब्रिटेन के गंभीर अपराध कानून 2004 की धारा 44 के विपरीत अपराधों को जानबूझकर बढ़ावा देने या मदद करने के संदेह में स्कॉटलैंड यार्ड ने इस साल की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उन्हें जमानत मिल गई थी। हुसैन एक भगोड़े ब्रिटिश पाकिस्तानी हैं। जिन्होंने साल 1990 में ब्रिटेन की सरकार से शरण मांगी थी और बाद में यहां निवासी का दर्जा पा लिया।
माना जाता है कि एमक्यूएम ने पाकिस्तान के कराची में करीब तीन दशक तक सत्ता संभाली है। उनकी पार्टी को उर्दू बोलने वाले मुहाजिरों से काफी समर्थन मिला था। अल्ताफ 1947 के विभाजन के समय भारत से पाकिस्तान जाने वाले मुसलमानों के वंशज हैं।
हुसैन को जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) का सम्मान करने, तालिबान के विरोध और भारत के साथ विभाजन की आलोचना की खुली वकालत के लिए भी जाना जाता है।