ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस की लोकप्रियता अपने पूर्ववर्ती बोरिस जॉनसन से भी नीचे चली गई है। बोरिस जॉनसन के पूरे कार्यकाल में उनकी लोकप्रियता का जो न्यूनतम स्तर रहा, लिज ट्रस फिलहाल उससे भी कम लोकप्रिय हैं। जॉनसन की लोकप्रियता पार्टीगेट स्कैंडल के समय सबसे निचले स्तर पर पहुंची थी। पार्टीगेट उस कांड को कहा जाता है, जिसमें यह सामने आया था कि जब कोविड-19 महामारी में पूरा लॉकडाउन था, उस समय प्रधानमंत्री आवास में धूमधाम से क्रिसमस का उत्सव मनाया गया।
ट्रस की लोकप्रियता के बारे में सबसे ताजा सर्वे रविवार को ऑब्जर्वर अखबार में छपा। पर्यवेक्षकों के मुतबिक इस सर्वे ने सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के सांसदों की चिंता बहुत बढ़ा दी है। इस सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री ट्रस की एप्रूवल रेटिंग (उनके काम से संतुष्ट लोगों की संख्या) माइनस 47 है। जॉनसन या उनके पहले की प्रधानमंत्री टेरिजा मे के कामकाज से लोगों में कभी इस स्तर का अंसतोष नहीं देखा गया था। विश्लेषकों के मुताबिक इस अर्थ यह है कि टोरी पार्टी ने भले पिछले महीने के आरंभ में ट्रस में भारी भरोसा जताया, लेकिन मतदाताओं में प्रधानमंत्री छवि बिगड़ती जा रही है।
ट्रस सरकार की अब वापस ली जा चुकी टैक्स कटौती की नीति प्रधानमंत्री की छवि के लिए बेहद हानिकारक साबित हुई। इस कारण सिर्फ पिछले हफ्ते उनकी लोकप्रियता में दस फीसदी की गिरावट आई। अब स्थिति यह है कि 63 फीसदी से अधिक लोग ट्रस के काम से असंतुष्ट हैं, जबकि संतुष्ट लोगों की संख्या सिर्फ 16 फीसदी रह गई है। इसका कुल अर्थ यह हुआ कि उनकी लोकप्रियता -47 हो गई है। कंजरवेटिव पार्टी के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि ट्रस की लोकप्रियता ब्रेग्जिट समर्थक तबकों में तेजी से गिरी है। ये वो तबके हैं, जिन्होंने 2019 के आम चुनाव में कंजरेवेटिव पार्टी को बढ़-चढ़ कर वोट दिया था। पिछला आम चुनाव जॉनसन ने ब्रेग्जिट (यूरोपियन यूनियन से ब्रिटेन के निकलने) की प्रक्रिया पूरा करने के वादे पर लड़ा था।
ट्रस से भी ज्यादा एप्रूवल रेटिंग उनकी सरकार में वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग की गिरी है। आम धारणा है कि राजकोष पर बढ़ते दबाव के बीच अरबों पाउंड की टैक्स छूट देने की योजना क्वार्टेंग ने ही बनाई थी। इस कटौती के कारण पिछले हफ्ते ब्रिटेन के सरकारी बॉन्ड्स की कीमत में अभूतपूर्व गिरावट आई थी। उसके बाद ब्रिटिश सेंट्रल बैंक- बैंक ऑफ इंग्लैंड ने तकरीबन 45 बिलियन पाउंड के बॉन्ड्स खरीदने का असाधारण कदम उठाया। क्वार्टेंग की एप्रूवल रेटिंग इस समय माइनस 51 हो गई है।
जनमत के इस रुख को देखते हुए अब कंजरेविटव पार्टी के सांसद भी ट्रस सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ खुल कर बोलने लगे हैं। बल्कि सांसदों के बीच हुए सर्वे से सामने आया कि 53 फीसदी सांसद चाहते हैं कि प्रधानमंत्री तुरंत इस्तीफा दें। जबकि सिर्फ 25 फीसदी सांसदों ने यह राय जताई कि ट्रस को अपने पद पर बने रहना चाहिए।
जनमत सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी ओपिनियम के एसोसिएट डायरेक्टर एडम ड्रुमॉन्ड ने अखबार द गार्जियन से कहा- आम तौर पर अलोकप्रिय फैसलों को वापस ले लेने पर नेताओं की लोकप्रियता बढ़ती है। लेकिन ट्रस को इसका लाभ नहीं मिला है। संभवतया लोग यह सोच रहे हैं कि वे योग्य या मजबूत नेता नहीं हैं।