हमास और इस्राइल के बीच युद्ध जारी है। लगातार दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमकर रॉकेट दाग रहे हैं। शनिवार को हमास के द्वारा इस्राइल पर पांच हजार रॉकेट दागे गए। जिसके बाद से इस युद्ध की शुरूआत हुई। इस्राइल ने जवाबी कार्रवाई में हमास के ठिकानों पर रॉकेट से हमला किया। जिसके कारण कई हमास के आतंकियों की मौत हो गई।
हमास के रॉकेट हमले के बाद मची अफरा-तफरी में ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली भी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। जब हमास ने रॉकेट से इस्राइल पर हमला किया था, तब ब्रिटेन के विदेश सचिव दक्षिणी इस्राइल की यात्रा पर थे। ब्रिटेन के स्कॉई न्यूज में दिखाए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि रॉकेट की आग ने ब्रिटेन के विदेश सचिव को भी भागने पर मजबूर कर दिया।
एक वीडियो में ओफाकिम में सायरन बजते ही जेम्स क्लेवरली और एक समूह को एक इमारत में भागते हुए दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत में प्रवेश द्वार की ओर भागते देखा गया। इस्राइली विदेश मंत्रालय ने कहा कि सायरन नागरिकों को आने वाले हमास रॉकेट हमले की चेतावनी दे रहा था।
वहीं मामले पर विदेश कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन के विदेश सचिव ब्रिटेन की अटूट एकजुटता प्रदर्शित करने की यात्रा के तहत आज सुबह इस्राइल पहुंचे। बुधवार को उन्होंने कहा कि ब्रिटेन इस्राइल के साथ खड़ा है। इस बीच, द येरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रोन घुसपैठ के बीच पूरे उत्तरी इस्राइल को सुरक्षित घरों/बंकरों में शरण लेने का आदेश दिया गया है।
इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जोनाथन कॉनरिकस ने बुधवार को कहा कि 1200 इस्राइली मारे गए और 2,700 से अधिक घायल हो गए और इस बात पर जोर दिया कि इस्राइली सैनिक गाजा में मिशन को अंजाम देने के लिए तैयार हैं। आईडीएफ प्रवक्ता ने कहा कि गाजा सीमा पर लगभग 300000 सैनिकों को तैनात किया गया है और दावा किया कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि युद्ध के अंत में हमास के पास कोई सैन्य क्षमता नहीं होगी।