फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Britain: कंजरवेटिव पार्टी के नेता पद के चुनाव में बढ़ रही हैं ऋषि सुनक की मुश्किलें

Mon, 08 Aug 2022 04:00 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

Britain: कंजरवेटिव पार्टी के नेता पद का चुनाव अगले पांच सितंबर को होगा। इसमें सुनक और बोरिस जॉनसन सरकार में विदेश मंत्री रहीं लिज ट्रस के बीच सीधा मुकाबला है...
विज्ञापन
Britain: Liz Truss and Rishi Sunak in debate - फोटो : वीडियो स्क्रीनग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्रिटेन में सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के नेता पद के चुनाव में पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक की मुश्किलें बढ़ रही हैं। अब सुनक ने यह स्वीकार किया है कि उन्होंने गरीब शहरी क्षेत्रों का बजट धनी इलाकों को ट्रांसफर करने की वकालत की थी। इस बीच नेता पद के लिए जारी चुनाव अभियान में ये सूचना भी बड़ा मुद्दा बन गई है कि सुनक ने ब्रिटिश नागरिकता के साथ-साथ अमेरिका का ग्रीन कार्ड भी अपने पास बनाए रखा है।

कंजरवेटिव पार्टी के नेता पद का चुनाव अगले पांच सितंबर को होगा। इसमें सुनक और बोरिस जॉनसन सरकार में विदेश मंत्री रहीं लिज ट्रस के बीच सीधा मुकाबला है। ताजा विवाद सुनक के केंट काउंटी में कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों के बीच दिए भाषण से खड़ा हुआ है। वहां उनके भाषण का वीडियो पत्रिका न्यू स्टेट्समैन को हाथ लग गया। उसके बाद वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में सुनक कहते सुने गए गए हैं- ‘मैं फंडिग फॉर्मूला में बदलाव करने में सफल रहा, ताकि इस (केंट के ट्रनब्रिज वेल्स) जैसे इलाकों को अधिक धन मिल सके। हमें लेबर पार्टी की सरकार से फॉर्मूला मिला था, जिसके तहत गरीब शहरी क्षेत्रों के लिए सारा धन रखा जाता था। इस फॉर्मूले को बदलने को जरूरत थी। मैंने इसकी शुरुआत की।

’टर्नब्रिज एक धनी इलाका है और कंजरवेटिव पार्टी का गढ़ रहा है। 1974 से लगातार पार्टी ये सीट जीतती रही है। पिछले चुनाव में यहां से कंजरवेटिव उम्मीदवार को साढ़े 14 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत मिली थी। पर्यवेक्षकों का कहना है कि ताजा वीडियो से सुनक की धनी समर्थक छवि और मजबूत होगी। इसके पहले उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कहते सुने गए थे कि उनके सारे दोस्त धनी तबकों से आते हैं।

नया वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने सुनक पर अपना हमला तेज कर दिया है। लेबर पार्टी की नेता लीजा नंदी ने कहा- ‘यह एक घोटाला है। सुनक खुलेआम इस बात का श्रेय ले रहे हैं कि उन्होंने करदाताओं का धन धनी कंजरवेटिव समर्थकों को ट्रांसफर करने के लिए नियम बनाए। इससे सुनक का असली चेहरा सामने आ गया है।’

कंजरवेटिव पार्टी के कई बड़े नेता पहले ही लिज ट्रस को अपना समर्थन दे चुके हैं। जनमत  सर्वेक्षणों में भी उन्हें आगे दिखाया जा रहा है। इस हफ्ते आए एक सर्वे में ऋषि सुनक से उन्हें 34 अंक आगे बताया गया। ताजा वीडियो सामने आने के पहले अखबार डेली मेल ने अपने एक विश्लेषण में कहा था- ‘सुनक के सामने बहुत ऊंचा पहाड़ चढ़ने की चुनौती है।’

लेकिन सुनक के लिए अच्छी खबर यह है कि गुरुवार को दोनों उम्मीदवारों के बीच हुई बहस में उन्हें विजयी माना गया। टीवी चैनल स्काई न्यूज की तरफ से तुरंत कराए गए जनमत सर्वे में ज्यादातर लोगों ने उनके प्रदर्शन को बेहतर माना। इसके बावजूद पर्यवेक्षकों के मुताबिक सुनक का रास्ता कठिन है। ब्रिटिश मीडिया का एक बड़ा हिस्सा भी उनके खिलाफ प्रचार में जुटा दिखता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें