ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोलसोनारो(फाइल फोटो )
- फोटो : एएनआई
कोविड-19 महामारी के बीच ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने बृहस्पतिवार को देश के स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त कर दिया है। राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने यह कदम स्वास्थ्य मंत्री के कोरोना वायरस से लड़ने के तरीकों में लॉकडाउन हटाने के उपायों और अर्थव्यवस्था को पुन: सक्रिय करने में मतभेदों के चलते उठाया।
इस महामारी से लगभग 2,000 ब्राजीलियाई लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति ने इस वायरस को ‘फ्लू वायरस’ बताया था और वह स्वास्थ्य विशेषज्ञों, स्वास्थ्य मंत्री लुईज हेनरिक मैंडेटा और प्रांतों के गवर्नर के लॉकडाउन के फैसले से नाराज थे। लुईज ने ब्राजील में सोशल आइसोलेशन को महत्वपूर्ण बताया था जबकि राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने लॉकडाउन की वजह से अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होने का तर्क दिया था।
लुईज मैंडेटा ने सोशल डिस्टेंसिंग को नकारने के लिए राष्ट्रपति की एक सार्वजनिक मंच पर आलोचना भी की थी। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लुईज हेनरिक मैंडेटा ने अपने ट्विटर पर लिखा कि मैंने अभी अभी राष्ट्रपति बोल्सनारो से मुझे हटाए जाने की सूचना सुनी है। मुझे यह मौका देने के लिए मैं उनको धन्यवाद देता हूं। जायर बोल्सनारो ने अब नेल्सन टिएक को देश का नया स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया है।