बोरिस जॉनसन ने कहा कि वो 'बेहद निराश' हैं क्योंकि सांसदों ने इस डील को और पीछे खिसकाने के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि आज के नतीजों से ब्रिटेन में अस्थिरता बढ़ेगी।
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनकी नीति अभी भी यही है कि इस महीने के अंत तक ब्रेक्जिट हो जाए। बोरिस जॉनसन ने कहा, या तो इस तरह से किसी दूसरे तरीके से, हमें इस समझौते के साथ यूरोपीय संघ को छोड़ना होगा, जिस पर हाउस ने अपनी सहमति भी जताई है।
लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कोर्बिन ने कहा कि जॉनसन ने अपना दुर्भाग्य खुद ही लिखा है। हालांकि उन्होंने यह प्रस्ताव भी रखा कि अगर संसद में ब्रेक्जिट की समीक्षा के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा तो वो इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
बोरिस जॉनसन की पिछले हफ्ते यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ नए प्लान पर सहमती बन गई थी, लेकिन साथ ही वो लगातार यह बात दोहराते रहे कि चाहे डील हो या ना हो वो अक्तूबरअंत तक यूरोपीय संघ से अलग हो जाएंगे।
जो बिल बोरिस जॉनसन के प्लान को क़ानून की शक्ल देगा उसे 'विड्रॉल एग्रीमेंट बिल' कहा जा रहा है, यह सोमवार शाम को प्रकाशित हुआ। बोरिस जॉनसन ने इस बिल को हाउस ऑफ कॉमंस के सामने पेश किया और उन्हें ब्रेक्जिटकी डेडलाइन से पहले तीन दिन के भीतर इसकी समीक्षा करने के लिए कहा।
प्रधानमंत्री ने संसद में कहा कि अगर संसद सबकुछ जनवरी तक या उसके आगे तक के लिए बढ़ा देगी तो वो आम चुनाव करवा देंगे। हाउस ऑफ कॉमंस के स्पीकर जॉन बरकॉ ने कहा कि बिल अब अधर में लटक गया है।