बोलिविया में राष्ट्रपति चुनाव में रोड्रिगो पाज ने बड़ा उलटफेर करते हुए 54% से ज्यादा वोटों के साथ जीत हासिल की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज तूतो कीरोगा को हराया। पाज ने जनता को एमएएस पार्टी के 20 साल के खर्चीले शासन और आर्थिक संकट से बदलाव का भरोसा दिलाया।
बोलिविया में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में एक बड़ा उलटफेर हुआ है। पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बने रोड्रिगो पाज ने चुनाव में जीत हासिल की है। शुरुआती नतीजों के अनुसार, पाज को 54% से ज्यादा वोट मिले हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंदी और पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज तूतो कीरोगा को सिर्फ 45% वोट ही मिल पाए। पाज एक मध्यमार्गी नेता हैं और उनके साथी उम्मीदवार एडमैन लारा एक पूर्व पुलिस कप्तान हैं। उन्होंने ग्रामीण और मजदूर वर्ग के वोटरों को अपनी तरफ खींचा, जो बीते 20 साल से सत्ता में रही मूवमेंट टुवर्ड सोशलिज्म (एमएएस) पार्टी से परेशान थे।
बता दें कि एमएएस पार्टी की सरकार पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने और देश को आर्थिक संकट में धकेलने के आरोप लगते रहे हैं। वर्तमान में देश में डॉलर की भारी कमी है, महंगाई दर 23% पहुंच चुकी है, जो 1991 के बाद सबसे ज्यादा है और पेट्रोल की भारी किल्लत है।