कल देशभर में होगी सामान्य छुट्टी- यूनुस
यूनुस ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के निधन पर मैं तीन दिन का राजकीय शोक घोषित करता हूं। उनके जनाजे के दिन यानी बुधवार को देशभर में एक दिन की सामान्य छुट्टी रहेगी। यूनुस ने कहा कि वह जानते हैं कि पूरा देश इस समय दुखी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शोक की इस घड़ी में संयम बनाए रखें और अंतिम विदाई से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा होने दें।
बीएनपी ने घोषित किया सात दिन का राष्ट्रीय शोक
हालांकि इससे पहले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) पार्टी ने मंगलवार 30 दिसंबर 2025 से सात दिन का आधिकारिक शोक घोषित किया है। मामले में बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शोक कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। इसके तहत पार्टी का केंद्रीय कार्यालय नयापालटन और पूरे देश में सभी पार्टी कार्यालयों पर काले झंडे लहराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक स्मृति चिन्ह के रूप में काले बैज पहनेंगे। इसके अलावा पार्टी कार्यालयों और अन्य स्थानों पर दुआ महफिल और कुरान पाठ आयोजित किए जाएंगे। सदस्यों और जनता को सम्मान व्यक्त करने का अवसर देने के लिए बीएनपी के केंद्रीय कार्यालय, ढाका में गुलशन कार्यालय और जिला कार्यालयों में संवेदना पुस्तिकाएं खोली गई हैं।
ये भी पढ़ें:- Khaleda Zia: कौन थीं खालिदा जिया? पति की हत्या के बाद सैन्य शासन से लड़ीं, बांग्लादेश की पहली महिला पीएम बनीं
खालिदा जिया, बांग्लादेश की राजनीति की मजबूत महिला
गौरतलब है कि बांग्लादेश की राजनीति में मंगलवार को एक युग का पटाक्षेप हो गया। संघर्ष, सत्ता और साहस की प्रतीक रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की अध्यक्ष खालिदा जिया का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। बीएनपी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी। पार्टी ने लिखा कि बांग्लादेश की अनुभवी नेता का कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने के बाद निधन हो गया।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, खालिदा जिया ने सुबह करीब 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताते चलें कि खालिदा जिया पिछले 36 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों में संक्रमण के बाद भर्ती कराया गया था। इसके अलावा वह निमोनिया से भी पीड़ित थीं।
अन्य वीडियो