अमेरिका में फिर एक अश्वेत व्यक्ति की मौत का आरोप पुलिस पर लगा है। पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक अश्वेत व्यक्ति की मौत से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, इसमें दिख रहा है कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने उसके चेहरे को ढक दिया और फिर करीब दो मिनट तक उसका मुंह फुटपाथ पर दबाए रखा जिससे उसकी मौत हो गई। यह वीडियो अश्वेत व्यक्ति के परिवार की ओर से जारी किए गए हैं।
पश्चिमी न्यूयॉर्क के रोचेस्टर में पुलिस द्वारा की गई प्रताड़ना के सात दिन बाद, 30 मार्च को डैनियल प्रूड की मृत्यु हो गई थी। उसकी मृत्यु को लेकर बुधवार (दो सितंबर) तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। बुधवार को जब उसके परिवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया और पुलिस के 'बॉडी कैमरा' की फुटेज जारी किया तो इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
प्रूड के भाई जो प्रूड ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘मैंने अपने भाई की मदद के लिए फोन किया था। मेरे भाई की हत्या करने के लिए नहीं।’
उन्होंने कहा कि ‘वह निसहाय था, निर्वस्त्र जमीन पर पड़ा था। हाथों में हथकड़ियां थी। कितने और भाइयों की मौत के बाद समाज को यह समझ में आएगा कि इसे रोके जाने की जरूरत है?’
वीडियो में प्रुड सड़क पर निर्वस्त्र दौड़ता दिख रहा है। प्रूड की चिकित्सकीय रिपोर्ट में भी उसके दम घुटने की बात सामने आई है। राज्य के अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने बुधवार को कहा कि मामले की जांच जारी है।
बता दें कि, अमेरिका के मिनीपोलिस में 25 मई को एक निहत्थे अश्वेत अमेरिकी जार्ज फ्लॉयड की एक श्वेत पुलिस अधिकारी के हाथों मौत हो गई थी। जार्ज की मौत के बाद जर्मनी, कनाडा, आयरलैंड समेत दुनिया के कई देशों में लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। हिंसक प्रदर्शनों के छठे दिन अमेरिका में आक्रोश एवं भावनाएं उबाल पर थीं। इन हिंसक प्रदर्शनों में छठे दिन तक तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी, हजारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था और करीब 40 शहरों में कर्फ्यू लगाया गया था, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस के बंकर में शरण लेनी पड़ी थी।