अमेरिकी जेल में अपनी ही बैरक में मृत पाए गए देश के अरबपति और हाई प्रोफाइल कैदी जेफरी एप्सटीन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उन्होंने खुदकुशी की थी। एप्स्टीन ने फांसी लगाने के लिए एक चादर का इस्तेमाल किया। यह रिपोर्ट तब आई है जब अमेरिकी मीडिया ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रांरभिक जांच से पता चला कि उसकी गर्दन की हड्डियां टूटी हुई थीं।
एक समय में ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दोस्त माना जाने वाले इस अरबपति की छह दिन पहले जेल में हुई मौत इसलिए भी चर्चा में आई क्योंकि उस पर लड़कियों की तस्करी के आरोप थे। इन लड़कियों में 14 साल की लड़कियां भी शामिल हैं। मृत्यु के कारणों की जांच करने वाले सरकारी अधिकारी कोरोनर ने एप्सटीन के खुदकुशी करने की पुष्टि की है।
न्यूयॉर्क की मुख्य चिकित्सा अधिकारी बारबरा सैम्पसन ने भी कहा कि पोस्टमॉर्टम की पूरी रिपोर्ट समेत सभी सूचनाओं की सावधानीपूर्वक समीक्षा करके यह पता चला कि एप्स्टीन ने ही खुद को मारा। न्यूयॉर्क की उच्च सुरक्षा वाली जेल में कैद यह अरबपति 2002 से 2005 के बीच मैनहट्टन और फ्लोरिडा स्थित अपने घर में दर्जनों किशोरियों का यौन शोषण कर चुका है।
जांच से संतुष्ट नहीं एप्स्टीन के वकील
अरबपति एप्स्टीन के वकीलों ने कहा है कि वे चिकित्सा अधिकारी की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और उसकी मौत के मामले में खुद जांच करेंगे। साथ ही उन्होंने जेल से वीडियो फुटेज देखने की मांग भी की। एफबीआई और न्याय विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि कुछ वक्त पहले आत्महत्या की कोशिश करने के महज कुछ सप्ताह बाद कैसे एक हाई-प्रोफाइल कैदी खुदकुशी कर सका।