फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेश: शेख हसीना की वापसी से पहले सुरक्षा सख्त: सात जिलों में 120 प्लाटून तैनात; सरकार कितनी तैयार?

Sat, 28 Nov 2026 05:44 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

बांग्लादेश में शेख हसीना की 16 दिसंबर को प्रस्तावित वापसी से पहले सात जिलों में बॉर्डर गार्ड के 120 प्लाटून तैनात किए गए हैं। सबसे ज्यादा 56 प्लाटून उनके गृह जिले गोपालगंज में लगाए गए हैं। हालिया झड़पों, बम धमाकों और आगजनी के बीच सुरक्षा बढ़ाई गई है। क्या हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बड़ा राजनीतिक टकराव होने की आशंका है? क्या सरकार हालात संभाल पाएगी? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
हसीना की वापसी को लेकर क्यों बढ़ा तनाव? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को देश वापसी की योजना के बीच सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवान तैनात किए गए हैं। इन इलाकों में हाल के हफ्तों में झड़पें, देसी बम धमाके और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में हसीना की वापसी की तारीख नजदीक आने के साथ देश में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

विज्ञापन


कितने जवानों को किन जिलों में तैनात किया गया है?
सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 120 प्लाटून तैनात किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 56 प्लाटून शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लगाए गए हैं। इसके अलावा ढाका के सावर और आशुलिया में 17, गाजीपुर में 19, नारायणगंज में सात, मैमनसिंह के भालुका में दो, चटगांव में आठ और कॉक्स बाजार में सात प्लाटून तैनात हैं। जवान जिला प्रशासन और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

सुरक्षा बलों को क्या जिम्मेदारी दी गई है?
गृह मंत्रालय के निर्देश पर तैनात बीजीबी जवानों को महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा मजबूत करने का जिम्मा दिया गया है। उनका काम हिंसा और अशांति रोकना भी है। बीजीबी मुख्यालय ड्रोन, जवानों के शरीर पर लगे कैमरों और दूसरे निगरानी उपकरणों से मिलने वाले लाइव वीडियो पर नजर रख रहा है। इसके जरिए मौके पर तैनात जवानों के साथ तालमेल बनाया जा रहा है।
विज्ञापन


हसीना की वापसी को लेकर क्यों बढ़ा तनाव?
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने पर पांच अगस्त को बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। वह तभी से भारत में रह रही हैं। अब उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने और अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की योजना जताई है। यह तारीख बांग्लादेश के लिए खास है, क्योंकि इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर जीत का जश्न मनाया जाता है। हाल के दिनों में हुई हिंसा के लिए प्रतिबंधित अवामी लीग के समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जबकि सरकार ने विदेश में मौजूद पार्टी नेताओं पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है।

हसीना की वापसी में क्या कानूनी अड़चनें हैं?
नवंबर 2025 में हसीना को 2024 के प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, उन्होंने आरोपों को खारिज किया है। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। भारत ने कहा है कि इस अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। हसीना के वकीलों ने उनकी वापसी आसान बनाने के लिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग की थी, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने इस महीने नए यात्रा दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देश में तनाव और बढ़ गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें