बांग्लादेश ने भारत से लगे सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मोबाइल नेटवर्क को बंद करने का फैसला बुधवार को वापस ले लिया। बांग्लादेश टेलीकम्युनिकेशन रेग्युलेटरी कमीशन (बीटीआरसी) ने रविवार को करीब दो हजार बेस ट्रांसीवर स्टेशनों को बंद करने का निर्देश दिया था। इससे 32 जिलों के एक करोड़ लोग प्रभावित हो गए थे।
सरकार का यह निर्देश भारत के संसद द्वारा सीएए को पारित करने के बाद आया। हालांकि फैसला वापस लेने के पीछे सरकार ने कोई कारण नहीं बताया है। बीटीआरसी के अध्यक्ष जहारुल हक ने प्रतिबंध हटाने के सरकार के फैसले की पुष्टी की। अधिकारियों ने मोबाइल ऑपरेटरों को बुधवार सुबह ईमेल भेजकर सेवाएं बहाल करने को कहा।
भारत में चल रहे विरोध प्रदर्शन के चलते बांग्लादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन ने 22 दिसंबर को कहा था कि भारत की मौजूदा स्थिति से उसके पड़ोसी भी प्रभावित हो सकते हैं। बता दें कि भारतीय संसद में नागरिकता संशोधन कानून के पारित होने के बाद बांग्लादेशी सरकार ने टेलीकम्युनिकेशन आपरेटरों को यह निर्देश दिए थे।