बांग्लादेश के प्रमुख विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने अपनी अध्यक्ष खालिदा जिया के स्वास्थ्य को एक बड़ा सियासी मुद्दा बना दिया है। शेख हसीना वाजेद के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार इलाज के लिए खालिदा जिया को विदेश जाने की इजाजत देने से लगातार इनकार कर रही है। बीएनपी ने अब इस मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने का एलान कर दिया है। पार्टी के महासचिव मिर्जा फखुरुल इस्लाम ने कहा है कि पार्टी के युवा कार्यकर्ता खालिदा जिया को विदेश जाने की इजाजत दिलाने के लिए अब सड़कों पर उतरेंगे।
फखरुल इस्लाम ने दावा किया है कि इस मुद्दे पर ‘असंवेदनशील’ रुख के कारण हसीना वाजेद सरकार अपने पतन की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बीएनपी के युवा कार्यकर्ताओं ने अब इस सरकार को सत्ता से हटाने से संकल्प लिया है। उन्होंने कहा- इस सरकार को खालिदा जिया को रिहा करने के लिए मजबूर किया जाएगा। उसके बाद बीएनपी तटस्थ सरकार की देखरेख में नए चुनाव कराने और निर्वाचित सरकार बनाने के लिए अभियान छेड़ेगी।
मंगलवार को बीएनपी ने ढाका स्थित अपने कार्यालय पर एक रैली का आयोजन किया। उस मौके पर नेताओं ने उत्तेजक भाषण दिए। ढाका से प्रकाशित अखबारों के मुताबिक रैली में उससे कहीं ज्यादा भीड़ जुटी, जितनी बीएनपी नेताओं को आशा थी। खबरों के मुताबिक बीएनपी ने मंगलवार को ही सभी डिविजन मुख्यालयों में भी रैली आयोजित की। इस दौरान खालिदा जिया की रिहाई और उन्हें विदेश जाने की इजाजत देने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। पर्यवेक्षकों का कहना है कि इन रैलियों के साथ खालिदा जिया की सेहत के मुद्दे पर बीएनपी का आंदोलन शुरू हो चुका है।