फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bangladesh Mobile Market: बढ़ती आर्थिक मुश्किलों के कारण मंदा पड़ा बांग्लादेश का मोबाइल हैंडसेट बाजार

Thu, 16 Feb 2023 03:00 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

Bangladesh Mobile Market: उद्योग जगत के सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश में पिछले साल की दूसरी छमाही में साल भर पहले की तुलना में स्मार्टफोन और साधारण हैंडसेट्स दोनों को मिल कर बिक्री में 43 फीसदी की गिरावट आई...
विज्ञापन
Bangladesh Mobile Market - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश में मोबाइल फोन का एक फूलता-फलता बाजार था। लेकिन अब यह कारोबार मुश्किल में है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स, शियोमी और वीवो जैसी कंपनियों ने देश में हैंडसेट के उत्पादन में कटौती कर दी है। इसका असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। अब उन्हें फोन हैंडसेट खरीदने के लिए अधिक रकम खर्च करनी पड़ रही है।

जानकारों के मुताबिक संकट कई कारणों से खड़ा हुआ। बांग्लादेश की मुद्रा की कीमत में गिरावट, विदेशी मुद्रा भंडार घटने, टैक्स बढ़ाए जाने आदि के कारण हैंडसेट महंगे हुए। उस कारण उनकी मांग घटी। तब कंपनियों ने उत्पादन गिरा दिया। उससे बाजार में अच्छे हैंडसेट्स का अभाव हो गया है।

बांग्लादेश में हैंडसेट बनाने के कारखाने जिन कंपनियों ने लगाए थे, उनमें नोकिया, ओपो और रियलमी भी शामिल हैँ। ये कंपनियां यहां आयात शुल्क कम होने की वजह से आई थीं। यहां बनने वाले हैंडसेट निर्यात भी किए जाते हैं, लेकिन कंपनियों की निगाह मुख्य रूप से 17 करोड़ आबादी वाले इस देश के बाजार पर रही है।

उद्योग जगत के सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश में पिछले साल की दूसरी छमाही में साल भर पहले की तुलना में स्मार्टफोन और साधारण हैंडसेट्स दोनों को मिल कर बिक्री में 43 फीसदी की गिरावट आई। उधर 2022 में यहां होने वाले हैंडसेट्स के निर्यात में 11 फीसदी से अधिक की गिरावट आई।

इंटरनेशनल डाटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) में रिसर्च डायरेक्टर नबीला पोपल ने वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम से कहा- ‘पिछली तिमाही में जितनी कम संख्या में हैंडसेट्स का यहां से निर्यात हुआ, वैसा हमने पहले कभी नहीं देखा था। मांग कमजोर होने और पार्ट-पुर्जों के महंगा होने के कारण निर्यातकों ने बाहर भेजने वाली खेप में भारी कटौती कर दी।’

ढाका के मॉल्स में पहले मोबाइल फोन की दुकानों पर चहल-पहल रहती थी। लेकिन वहां कम ही खरीदार आते हैं। एक सेल्समैन ने निक्कईएशिया से कहा- ‘हमें अपने स्टोर्स में ज्यादा समय खाली बैठे गुजारना पड़ रहा है।’

सरकारी एजेंसी बांग्लादेश टेलीकम्युनिकेशंस के आंकड़ों से भी हैंडसेट्स की बिक्री में आई गिरावट की पुष्टि होती है। इसके मुताबिक जनवरी 2022 में बांग्लादेश में 41 लाख 45 हजार हैंडसेट्स का उत्पादन हुआ था। लेकिन पिछले दिसंबर में यह संख्या 17 लाख 53 हजार रह गई। 2022 की पहली तिमाही में में बांग्लादेश में दो लाख 11 हजार से अधिक हैंडसेट का आयात हुआ था। पिछले वर्ष की आखिरी तिमाही में ये संख्या 3,186 रह गई।   

स्थानीय कंपनी फेयर ग्रुप बांग्लादेश में सैमसंग के हैंडसेट्स का उत्पादन करती है। उसके चीफ मार्केटिंग ऑफिसर मोहम्मद मेसबाहुद्दीन के मुताबिक पिछले साल मार्च के बाद से टका का 22 फीसदी अवमूल्यन हुआ है। इसके अलावा पांच फीसदी वैट बढ़ाया गया है। इन सब कारणों से औसत हैंडसेट की कीमत 25 से 30 फीसदी बढ़ गई है। इसका असर बिक्री पर पड़ा है।

आईडीसी के वैश्विक तिमाही मोइबाइल फोन बिक्री ट्रैकर के रिसर्च डायरेक्टर एंथनी स्कारसेला ने निक्कईएशिया से कहा- ‘मांग घट रही है। कीमत 40 महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है।’ चीनी कंपनी शियोमी के कंट्री मैनेजर जियाउद्दीन चौधरी ने भी कहा कि गिरती मांग और देश की विदेशी मुद्रा संबंधी बढ़ रही मुश्किलों का असर स्मार्टफोन के बाजार पर पड़ा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें