दोपहर दो बजे अदा की जाएगी नवाज-ए-जनाजा
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया की नमाज-ए-जनाज आज दोपहर 2 बजे ढाका के माणिक मिया एवेन्यू स्थित राष्ट्रीय संसद भवन (संसद भवन) के साउथ प्लाजा में अदा की जाएगी। जनाजे में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच चुके हैं और लाखों शोकाकुल लोगों के आने की खबर है। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस समेत कई बड़े नेता और गणमान्य लोग जनाजे में शामिल होंगे।
नमाज के बाद खालिदा जिया को उनके पति और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के पास शेर-ए-बांग्ला नगर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। दफन से पहले भारत, पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव समेत कई दक्षिण एशियाई देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधि उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे। इनमें विदेश मंत्री और उच्च अधिकारी शामिल हैं।
कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध
वहीं ढाका पुलिस ने बताया कि पार्थिव शरीर को अस्पताल से संसद भवन तक विशेष मार्ग से ले जाया जाएगा और कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक अवकाश के बावजूद जरूरी सेवाएं जैसे अस्पताल, बिजली, पानी, गैस, फायर सर्विस और संचार सेवाएं चालू रहेंगी।