पाकिस्तान और बांग्लादेश में इन दिनों नजदिकियां कुछ ज्यादा ही बढ़ती जा रही है। नीति हो या नीयत दोनों देश लगभग-लगभग एक स्थान पर ही खड़े दिख रहें है। इसी बीच इस द्विपक्षीय संबंध को और मजबूत करने के लिए पाकिस्तान में बांग्लादेश के राजदूत मोहम्मद इकबाल हुसैन ने दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की योजना का एलान किया है।
प्रेस वार्ता में किया एलान
पाकिस्तान में बांग्लादेशी राजदूत ने शनिवार को पेशावर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस कदम से दोनों देशों के बीच यात्रा और संपर्क और आसान हो जाएगा। इसके बाद पर्यटन, शिक्षा और व्यापार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ेगा। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि सीधी उड़ानें कब शुरू होंगी।
पाकिस्तान-बांग्लादेश की बढ़ती नजदीकियां
पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुसैन ने बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मजबूत होते व्यापार और कूटनीतिक संबंधों पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने अधिकारों के बारे में आवाज उठाने का मौका मिला है, जिससे मुक्त भाषण की संस्कृति मजबूत हुई है।
साथ ही हुसैन ने खैबर पख्तूनख्वा में स्वास्थ्य सेवा और उद्योग के क्षेत्रों में बड़े निवेश अवसरों के बारे में बताया, जिससे व्यवसायों को इन अवसरों का फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने पाकिस्तान में बांग्लादेशी उत्पादों की बढ़ती मांग का भी जिक्र किया और चटगांव और कराची के बीच व्यापार जारी रहने की बात कही, हालांकि यह अभी भी सीमित है।
हुसैन ने बांग्लदेशी चुनाव पर की बात
राजदूत हुसैन ने बांग्लादेश में होने वाले आगामी चुनावों पर भी बात की और अपने देश के आर्थिक विकास को प्राथमिकता देने की बात की। उन्होंने पाकिस्तान की वायु सेना की सराहना करते हुए कहा कि वह रक्षा क्षेत्र में अपनी असाधारण क्षमताओं के लिए प्रसिद्ध है।
साथ ही हुसैन ने यह भी कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के रिश्तों में पिछले कुछ समय में सुधार आया है, खासकर शेख हसीना वाजिद की सरकार के बाद। हाल ही में, बांग्लादेश का एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पाकिस्तान का दौरा किया था और रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए सेना प्रमुखों से मुलाकात की थी।