बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (फाइल फोटो)
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्षी दल बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया ने रविवार को हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर स्वास्थ्य के आधार पर जिया चैरिटेबल ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में जमानत देने की मांग की। इस मामले में उन्हें सात साल कैद की सजा सुनाई गई है। डेली स्टार ने खबर दी है कि याचिका में जिया ने कहा है कि वह मधुमेह और दंत समस्या सहित कई बीमारियों से जूझ रही हैं।
तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं 73 वर्षीय नेता ने यह भी अनुरोध किया है कि उन्होंने पहले ही मामले में ढाई साल की सजा काट ली है, ऐसे में वह जमानत की हकदार हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति ओबैदुल हसन और एसएम कुद्दुस जमान की पीठ मंगलवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी।
ढाका की एक अदालत ने पिछले साल 29 अक्तूबर को भ्रष्टाचार के मामले में जिया को सात साल जेल की सजा सुनाई थी। वह भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में भी 10 साल कैद की सजा काट रही हैं। इस मामले में जिया अनाथालय ट्रस्ट के लिए विदेशी चंदे के 210 लाख टका (करीब 250,000 अमेरिकी डॉलर) के गबन का आरोप लगाया गया है।