बांग्लादेश के अर्थशास्त्री और नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के खिलाफ अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। उनकी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों की बर्खास्तगी को लेकर हो रही सुनवाई के दौरान वह विदेश में होने के कारण अदालत में पेश नहीं हो पाए थे।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि ढाका की एक अदालत में पेश नहीं हो पाने के कारण जज ने उनके खिलाफ यह आदेश जारी किया।
अदालत के क्लर्क एम. नूरुज्जमां ने एएफपी को बताया कि 'ग्रामीण कम्युनिकेशन्स' (जीसी) के बर्खास्त कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें कंपनी से निकाल दिया गया क्योंकि उन्होंने एक ट्रेड यूनियन की स्थापना की।
नूरुज्जमां ने बताया कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और एक वरिष्ठ प्रबंधक अदालत में पेश हुए और उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, जीसी के अध्यक्ष यूनुस सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुए क्योंकि वह विदेश में थे।
यूनुस के वकील काजी इरशादुल आलम ने बताया कि यूनुस अदालत में पेश होने के लिए कोई भी समन मिलने से पहले ही बांग्लादेश से बाहर चले गये थे। उनके लौटते ही जरुरी कदम उठाया जाएगा।