बलूचिस्तान में सशस्त्र संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने अपनी गतिविधियों को नए स्तर पर ले जाने का दावा करते हुए एक नौसैनिक विंग के गठन की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि इस नई इकाई ने अपनी पहली समुद्री कार्रवाई में पाकिस्तान के तीन नौसैनिकों को मार गिराया।
बीएलए के मीडिया विंग हक्काल की ओर से जारी एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में चार नकाबपोश हथियारबंद लड़ाके समुद्र की ओर बढ़ते और फिर एक स्पीडबोट पर सवार होते दिखाई देते हैं। इसके बाद वे समुद्र के बीच एक जहाज की ओर बढ़ते हैं, जिसे पाकिस्तान कोस्ट गार्ड की नाव बताया गया है, और उस पर फायरिंग करते नजर आते हैं।
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने बयान जारी कर बताया कि संगठन ने हमाल मैरीटाइम डिफेंस फोर्स (एचएमडीएफ) नाम से एक औपचारिक नौसैनिक विंग बनाया है। उनका कहना है कि इस इकाई का उद्देश्य बलूच समुद्र की रक्षा करना है। उन्होंने दावा किया कि 12 अप्रैल की सुबह ग्वादर जिले के जीवानि क्षेत्र के मिल तियाब इलाके में इस विंग ने अपनी पहली कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रवक्ता के मुताबिक, इस हमले में बीएलए लड़ाकों की फायरिंग से पाकिस्तान नौसेना के तीन जवान नायक अफजल, सिपाही जमील और सिपाही उमर मारे गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऑपरेशन के बाद सभी लड़ाके सुरक्षित अपने ठिकानों पर लौट गए।