फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया: महिला सांसद ने गंवाए दोनों पैर, जानलेवा हमले के बाद हालत गंभीर; आरोपी की अदालत में हुई पेशी

Wed, 21 Oct 2026 02:29 PM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, मेलबर्न

सार

ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय संघीय सांसद हेलेन हेन्स पर सोमवार को उनके गृह नगर वांगाराटा में कार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय सांसद को हेलीकॉप्टर से मेलबर्न के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनके दोनों पैर काटने पड़े। उनके पति ने बताया कि सांसद की हालत स्थिर है।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलियाई सांसद हेलेन हेन्स - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स की एक कार से टक्कर मारकर किए गए हमले के बाद दोनों टांगें काटनी पड़ी हैं। कार से बार-बार टक्कर मारने के बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनके पति ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस घटना को राजनीतिक हिंसा से जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन


65 वर्षीय निर्दलीय सांसद का मेलबर्न के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार को उनके गृह नगर वांगाराटा में एक टोयोटा लैंड क्रूजर एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी थी। इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से मेलबर्न ले जाया गया। उनके पति फिल हेन्स ने परिवार की ओर से पहली बार सार्वजनिक रूप से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी दी। यह बयान उस समय आया, जब सांसद को कार से कुचलने के आरोपी व्यक्ति को अदालत में पहली बार पेश किया गया।

पति बोले- दोनों पैर काटने पड़े
हेलेन हेन्स के पति ने बताया कि सोमवार को उनकी पत्नी का बायां पैर काट दिया गया था। डॉक्टरों ने दायां पैर बचने की उम्मीद भी छोड़ दी, जिसके बाद बुधवार को उसे भी काटना पड़ा। फिल हेन्स ने मेलबर्न में पत्रकारों से कहा, ''इस सबके बीच अच्छी बात यह है कि हेलेन जीवित हैं और उनकी हालत स्थिर है। यह हमारे परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है।''
विज्ञापन


उन्होंने कहा, ''हम इस बात के लिए आभारी हैं कि फिलहाल उनका दिल और दिमाग, दोनों अच्छी स्थिति में हैं।'' उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर में उनकी शादी की 40वीं सालगिरह है।

आरोपी पहली बार अदालत में पेश हुआ
इससे पहले बुधवार को पास के ताराविंगी निवासी 43 वर्षीय ब्रेंडन नजेंट को वांगाराटा मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। उस पर जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने और एक संघीय अधिकारी को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। नजेंट ने न तो जमानत के लिए आवेदन किया और न ही आरोपों पर अपना पक्ष रखा। अगली सुनवाई फरवरी में होने तक वह हिरासत में रहेगा। पुलिस अभी तक हमले के पीछे की वजह का पता नहीं लगा पाई है।

नजेंट के वकील चिराग पटेल ने मजिस्ट्रेट एलिसन वॉन को बताया कि उनके मुवक्किल को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी संभावित समस्याएं हैं और उसे सिर में चोट भी लगी है। हालांकि, वकील ने यह स्पष्ट नहीं किया कि नजेंट को सिर में चोट कैसे लगी। पटेल ने कहा कि नजेंट इडियोपैथिक ट्रांसवर्स मायलाइटिस नामक तंत्रिका संबंधी बीमारी से पीड़ित है, लेकिन उसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी समस्या का निदान नहीं हुआ है।

आरोपी के वकील ने किस बीमारी का किया जिक्र?
क्लीवलैंड क्लिनिक मेडिकल सेंटर के अनुसार, यह दुर्लभ बीमारी रीढ़ की हड्डी को सुरक्षा देने वाली माइलिन परत को नुकसान पहुंचाती है। इससे मस्तिष्क और शरीर के बीच तंत्रिका संकेतों का संचार प्रभावित होता है। इसके कारण मांसपेशियों में तेजी से कमजोरी, संवेदनाओं का कम होना, दर्द और मूत्राशय तथा आंतों के कामकाज में परेशानी हो सकती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने सांसद को कार से टक्कर मारकर उनकी गाड़ी के खिलाफ दबा दिया। इसके बाद उसने कार पीछे की और उन्हें दूसरी बार टक्कर मारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें