ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग भयानक होती जा रही है। लोगों की मदद के लिए कई संगठन आगे आए हैं और प्रभावित लोगों को हर तरह की सहायता प्रदान कर रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं भारतीय मूल के कंवलजीत सिंह और उनकी पत्नी कमलजीत कौर जो ऑस्ट्रेलिया में आग से प्रभावित लोगों को मुफ्त खाना खिला रहे हैं।
दरअसल, यह दंपती ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी विक्टोरिया के बर्न्सडेल इलाके में 'देसी ग्रिल' नाम से रेस्तरां चलाता है। पिछले चार महीने से जारी आग की घटना से इस इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। ये सभी लोग फिलहाल मेलबर्न स्थित चैरिटी सिख वॉलेंटियर्स ऑस्ट्रलिया के अस्थाई शिविरों में शरण लिए हुए हैं। दंपती और उनके कर्मचारी लोगों के लिए कढ़ी-चावल बनाकर इस एनजीओ को सौंपते हैं जिससे इन सभी लोगों को पेट भर रहा है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिख दंपती यहां पिछले छह साल से रह रहा है। कंवलजीत सिंह ने कहा कि मुझे लगा कि इस दुख की घड़ी में हमें अपने ऑस्ट्रेलियाई लोगों की मदद करनी चाहिए क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इस आग से लोग प्रभावित हुए हैं और उन्हें भोजन और ठहरने के लिए जगह चाहिए, इसलिए हम उनकी मदद कर रहे हैं।