पाकिस्तानी सेना ने रविवार को बताया कि अफगानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे कम से कम 16 आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। पाकिस्तान सेना अफगानिस्तान से जुड़ी सीमा पर लगतारा संघर्ष का सामना कर रही है। पिछले कुछ महीनों से सीमा पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच गोलीबारी देखने को मिल रही है।
सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों ने शनिवार की मध्य रात्रि उत्तरी वजीरिस्तान के गुलाम खान कल्ले इलाके में अफगान सीमा पार करने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के एक समूह का पता लगाया। सुरक्षाकर्मियों ने 16 आतंकियों को मार गिराते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
पाकिस्तान सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हमारे सैनिकों ने प्रभावी ढंग से कार्रवाई की और उनकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। दोनों ओर से हुई भीषण गोलीबारी में सभी 16 आतंकवादी ढेर कर दिए गए।
पाकिस्तान लगातार अंतरिम अफगान सरकार से सीमा पर प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग करता रहा है। बयान में कहा गया, अंतरिम अफगान सरकार से यह अपेक्षा की जाती है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल ख्वारिज (आतंकियों) द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए न होने दे।