इस वक्त जहां दुनिया के कई देशों में जमकर बर्फबारी हो रही है वहीं एक देश ऐसा भी है जो भीषण गर्मी की चपेट में है। हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया की। ये देश भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालात इतने खराब हैं कि अधिक गर्मी के कराण यहां डामर की सड़कें भी पिघलने लगी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्वी इलाके में कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री बना हुआ है। गर्म हवा के चलते यहां ओजोन अलर्ट घोषित की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को धूप में निकलने से मना किया है। मंत्रालय ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि गर्म हवा और तेज धूप से ओजोन का स्तर बढ़ेगा, जिससे कई तरह की परेशानियां भी बढ़ सकती हैं। यहां तापमान ने पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
कुछ विशेषज्ञों के मुताबिक दक्षिण ऑस्ट्रेलिया इस साल दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार तक तापमान और अधिक बढ़ सकता है।
वहीं कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री है। गर्मी अधिक होने से करीब 10 लाख मछलियों की मौत हो गई है। इसके अलावा एडिलेड में होने वाली साइकिलिंग रेस 'टूर डाउन अंडर' के कार्यक्रम में भी कुछ बदलाव किए गए हैं।