अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलाई और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई मुलाकात की एक तस्वीर सामने आई है। इस मुलाकात के दौरान मिलाई ने मेलोनी को एक खास तोहफा दिया है। यह तोहफा काफी सुर्खियों में है। इसके पीछे का कारण यह है कि राष्ट्रपति ने खुद की एक चेनसॉ चलाने वाली प्रतिमा उपहार में दी है।
कासा रोसाडा में जेवियर से मुलाकात की
बता दें, इटली की पीएम ने इस सप्ताह की शुरुआत में अर्जेंटीना गणराज्य का दौरा किया था। तभी उन्होंने कासा रोसाडा में जेवियर से मुलाकात की। इस दौरान अर्जेंटीना के राष्ट्रपति ने मेलोनी को एक खास तोहफा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में दोनों नेता अगल-बगल खड़े दिख रहे हैं, जिसमें मेलोनी एक मूर्ति पकड़ी हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मिलाई ने पिछले साल राष्ट्रपति अभियान के दौरान एक रैली प्रोप के रूप में चेनसॉ का इस्तेमाल किया था।
कार्यभार संभालने के बाद पहुंची ब्यूनस
मेलोनी द्वारा कार्यभार संभालने के बाद लैटिन अमेरिका की उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। उन्होंने कहा, 'यह कोई अचानक लिया हुआ फैसला नहीं था। मैंने ब्यूनस आयर्स आने का फैसला इसलिए किया क्योंकि जैसा कि राष्ट्रपति मिलाई ने भी कहा है कि इटली और अर्जेंटीना के लोगों में भाईचारे का रिश्ता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस यात्रा के साथ ही मैं स्पष्ट रूप से उस बात को भी दोहराना चाहती था जो राष्ट्रपति मिलाई ने इटली को लेकर कहा था। यह याद करते हुए खुशी हो रही है कि रोम पहली यूरोपीय राजधानी थी, जिसे राष्ट्रपति मिलाई ने निर्वाचित होने के बाद चुना था।'
'कई मुद्दों पर साथ काम करना है'
द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन में युद्ध, मध्य पूर्व में संघर्ष और वेनेजुएला में संकट सहित कई मुद्दों पर एक साथ काम करने की इच्छा साझा की। मेलोनी ने कहा, 'राष्ट्रपति मिलाई और मैं स्पष्ट रूप से राजनीतिक रूप से गठबंधन कर रहे हैं। यह दो नेताओं के बीच राजनीतिक गठबंधन है, जो पश्चिम की पहचान और इसकी सभ्यता, स्वतंत्रता और लोगों के बीच समानता, लोकतांत्रिक प्रणाली और राष्ट्रों की संप्रभुता की रक्षा के लिए लड़ते हैं।'