फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदलाव: अंटार्कटिका का ओजोन छिद्र 2.1 करोड़ वर्ग किलोमीटर पर सिमटा, वैज्ञानिकों ने बताया सुधार का मजबूत संकेत

Tue, 09 Dec 2025 04:30 AM IST
लव गौर अमर उजाला नेटवर्क

सार

2025 में अंटार्कटिका के ऊपर ओजोन छिद्र एक दिसंबर को बंद हो गया। 2019 के बाद सबसे जल्दी ओजोन छिद्र खत्म हुआ, जिसको वैज्ञानिकों ने सुधार का मजबूत संकेत करार दिया है।

विज्ञापन
2019 के बाद सबसे जल्दी खत्म हुआ ओजोन छिद्र - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंटार्कटिका के ऊपर बना साल 2025 का ओजोन छिद्र एक दिसंबर को बंद हो गया, जो 2019 के बाद सबसे जल्दी खत्म होने वाली घटना है। इस वर्ष छिद्र न केवल आकार में छोटा रहा बल्कि इसकी गहराई भी कम दर्ज हुई, जिससे ओजोन परत के धीरे-धीरे मजबूत होने की वैज्ञानिक उम्मीदों को ठोस आधार मिला है।
विज्ञापन


कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस के अनुसार 2020 से 2023 के बीच दिखाई देने वाले बेहद बड़े और लंबे समय तक टिके रहने वाले छिद्रों के विपरीत, 2024 और 2025 के लगातार छोटे ओजोन छिद्र संकेत दे रहे हैं कि मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल के प्रभाव और बदलती वायुमंडलीय परिस्थितियों के बीच परत धीरे-धीरे सुधार की राह पर है। अंटार्कटिका के ऊपर हर साल अगस्त से दिसंबर के बीच ओजोन छिद्र विकसित होता है। इस वर्ष यह प्रक्रिया अगस्त के मध्य से शुरू हुई, जो सामान्य पैटर्न के अनुरूप है। सितंबर की शुरुआत तक ओजोन छिद्र का विस्तार बढ़कर 2.1 करोड़ वर्ग किलोमीटर तक पहुंच गया।

यह क्षेत्रफल विशाल अवश्य है, लेकिन 2023 के 2.61 करोड़ वर्ग किलोमीटर के अभूतपूर्व छिद्र की तुलना में काफी कम है। सितंबर भर यह छिद्र डेढ़ से दो करोड़ वर्ग किलोमीटर के दायरे में बना रहा, जिसका आकार अंटार्कटिका के क्षेत्रफल के बराबर है। अक्टूबर के अंत तक यह स्थिति लगभग समान रही, लेकिन नवंबर में छिद्र तेजी से सिमटना शुरू हुआ और अंततः एक दिसंबर को बंद हो गया।
विज्ञापन


इस बार बेहतर रहा ओजोन कॉलम का न्यूनतम स्तर
इस बार ओजोन कॉलम का न्यूनतम स्तर पिछले कुछ वर्षों की तुलना में बेहतर रहा। इसी तरह ओजोन मास डेफिसिट भी औसत से कम दर्ज किया गया। ये दोनों संकेत इस बात की गवाही देते हैं कि इस वर्ष छिद्र गहराई में कम और नुकसानदेह प्रभावों के लिहाज से कमजोर था। इस अवधि में स्ट्रैटोस्फियर में हवाएं भी अपेक्षाकृत कमजोर रहीं, जिसके कारण बाहरी क्षेत्रों से ओजोन-समृद्ध हवा अंटार्कटिका के ऊपर के हिस्से में प्रवेश कर सकी। कॉपरनिकस की रिपोर्ट और विश्व मौसम विज्ञान संगठन के ओजोन बुलेटिन 2024 दोनों ने संकेत दिया कि पिछले वर्ष ओजोन परत को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ।

ये भी पढ़ें: चिंताजनक: आनुवांशिक विविधता नहीं बढ़ी तो खतरे में बाघों की आबादी, तेजी से फैल रहा दुर्लभ काली धारियों वाला जीन
विज्ञापन


इसलिए दिसंबर में बंद होता है ओजोन छिद्र
अंटार्कटिका के ऊपर ओजोन छिद्र आमतौर पर दिसंबर में बंद होता है क्योंकि वहां का पोलर वॉर्टेक्स यानी ठंडी, तेज घूमती हवाओं का चक्र नवंबर तक काफी मजबूत बना रहता है। यह वॉर्टेक्स ठंडे तापमान को बनाए रखता है और ओजोन को खत्म करने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं को सक्रिय रखता है। नवंबर के अंत तक सूरज की रोशनी और तापमान बढ़ना शुरू होता है, जिससे वॉर्टेक्स टूटने  लगता है। जब यह चक्र टूट जाता है, तब गर्म हवा का प्रवेश बढ़ता है और ओजोन का तेजी से पुनर्निर्माण होता है। इसी वजह से ओजोन छिद्र अधिकतर दिसंबर की शुरुआत में बंद होता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें