प्रदर्शनकारियों ने ग्वाटेमाला की संसद भवन में लगाई आग
- फोटो : twitter
ग्वाटेमाला में अगले वर्ष के बजट को मंजूरी देने के विरोध में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। नाराज प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को संसद भवन में तोड़फोड़ की और एक हिस्से को आग के हवाले कर दिया। बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य के मद में कटौती की गई है, जिसका लोग विरोध कर रहे हैं।
ग्वाटेमाला सिटी में शनिवार को करीब सात हजार प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और बजट वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सांसदों ने आपसी बातचीत से ही बजट पारित कर दिया, जबकि देश हाल में आए चक्रवाती तूफानों और कोरोना महामारी से जूझ रहा है। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन के एक हिस्से में आग लगा दी और तोड़फोड़ की।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैसके गोले दागे, जिसमें कई लोग घायल हो गए। गौरतलब है कि बजट में सांसदों ने अपने भोजन का भुगतान करने के लिए धनराशि तो मंजूर की, लेकिन कोरोना मरीजों और मानवाधिकार एजेंसियों के लिए धन में कटौती की है। इसकी वजह से लोग नाराज हैं।