एक एथलीट के लिए खेल में हार या जीत मायने रखता है या उस सच्चे मन से खेलना, इसका एक जीता-जागता उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक एथलीट अपने प्रतिद्वंद्वी को जीताने के लिए जानबूझकर हल्के दौड़ने लगा और फिनिश लाइन से पहले रुक गया। शख्स के इस भाव की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।
स्पेन की सैंटनर ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में स्पैनिश ट्रायथलेट डिएगो मेंट्रिगा ने देखा उसके प्रतिद्वंद्वी ब्रिटिश एथलीट जेम्स टेगल ने फिनिश लाइन से पहले गलत मोड़ ले लिया। इससे पहले जेम्स, मेंट्रिगा से आगे थे लेकिन गलत मोड़ लेते ही मेंट्रिगा आगे हो गए।
हालांकि मेंट्रिगा ने यहां अपनी खेल भावना पूरी दुनिया को दिखाई और फिनिश लाइन पर जाकर जेम्स टेगल का इंतजार करने लगे। वीडियो में दोनों को हाथ मिलाते हुए भी देखा जा सकता है। मेंट्रिगा के इस कार्य की पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है। आप इस वीडियो को देखकर खुद देख सकते हैं कि मेंट्रिगा ने आखिर क्या किया...
डिएगो मेंट्रिगा ने कहा कि जेम्स टेगल पूरी रेस में उनसे आगे रहे थे, इसलिए वो फिनिश लाइन को पार करने के योग्य हैं। हालांकि इन दोनों एथलीटों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को डाला है। जेम्स टेगल ने पोस्ट करते हुए लिखा कि मेंट्रिगा ने अविश्सनीय खेल और खेल के प्रति अखंडता दिखाई है।
इसके अलावा मेंट्रिगा ने भी अपने इंस्टाग्राम से इसे पोस्ट किया है, उन्होंने लिखा कि वो बचपन से ही ये सब सीखते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे विचार में इसे सामान्य स्थिति माना जाना चाहिए, मुझे नहीं पता था कि ये इतना लोकप्रिय हो जाएगा और दुनियाभर के मीडिया इसके बारे में बात करेंगे। इतना प्यार मिलने पर मुझे बहुत गर्व है।
इस खेल के संगठनकर्ताओंं ने मेंट्रिगा को 300 यूरो सम्मान के तौर पर दिए और तीसरे स्थान पर आने के लिए मानद दिया। इतनी ही राशि जेम्स टेगल को दी गई, वो भी तीसरे स्थान पर आए थे।