पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सेना ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है। ब्रिटेन में रह रहे पीओके के सामाजिक कार्यकर्ता अमजद अयूब मिर्जा ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने नीलम घाटी के नागरिक क्षेत्रों में तोपें तैनात की हैं। यहीं से पाकिस्तानी फौज भारत के सीमावर्ती जम्मू-कश्मीर में गोलाबारी करती है।
पीओके के सामाजिक कार्यकर्ता अमजद मिर्जा ने किया दावा
अमजद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना पीओके के युवाओं को भारत के खिलाफ आतंकवादी बनने को मजबूर करती है। सेना की बात न मानने वालों का उत्पीड़न, अपहरण और हत्या आम बात हो चुकी है। महिलाओं पर भी अत्याचार किया जाता है। इसके विरोध में हाल के दिनों में पीओके में प्रदर्शन हुए, जिन्हें बेरहमी से कुचलने का प्रयास किया गया।
लोगों का दमन करने वालों को सत्ता और सेना दोनों का समर्थन प्राप्त है। युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय पाकिस्तान की इमरान सरकार राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने में पूरी ताकत लगा रही है। नीलम घाटी के नागरिक क्षेत्रों में तोप जैसे भारी हथियारों की तैनाती भी उसकी रणनीति का हिस्सा है।