अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा बाल-बाल टल गया। अमेरिकन एयरलाइंस की मियामी जाने वाली फ्लाइट AA-3023 के लैंडिंग गियर में आग लग गई। इस घटना ने रनवे पर अफरा-तफरी मचा दी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें दिख रहा है कि किस तरह यात्री जान बचाकर विमान से बाहर भाग रहे हैं और चारों ओर धुआं फैला है। विमान में 173 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे।
यह घटना दोपहर 2:45 बजे (स्थानीय समय) के आसपास हुई जब बोइंग 737 मैक्स 8 विमान टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी के कारण धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। डेनवर एयरपोर्ट प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट की टीम को तुरंत अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
वीडियो में दिखा डर और भागम-भाग का मंजर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री घबराए हुए विमान की इमरजेंसी स्लाइड से नीचे फिसलते हुए बाहर आ रहे हैं। इस दौरान चारों ओर धुआं फैला हुआ था। एक यात्री की हरकत पर विशेष रूप से चर्चा हो रही है जो आग की इस स्थिति में एक हाथ में बच्चा और दूसरे में सामान लेकर फिसलता दिखा। वह गिर भी गया और सोशल मीडिया पर उसकी आलोचना हो रही है कि उसने सामान को बच्चे से ज्यादा प्राथमिकता दी।
एक व्यक्ति घायल, सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया
डेनवर एयरपोर्ट और अमेरिकन एयरलाइंस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस घटना में एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है जिसे गेट पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पांच अन्य यात्रियों की मौके पर जांच की गई लेकिन उन्हें अस्पताल नहीं भेजा गया। सभी यात्रियों को बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें- अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में लैंडिंग गियर में आग; 179 यात्री थे सवार, किया गया रेस्क्यू
मेंटेनेंस बना हादसे की वजह
एयरलाइंस के अनुसार, विमान को पहले ही मेंटेनेंस समस्या की चेतावनी मिली थी, जो टायर से जुड़ा था। उड़ान से पहले यह तकनीकी गड़बड़ी गंभीर साबित हुई। आग लगने के बाद विमान को सेवा से हटा दिया गया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। एयरलाइंस ने अपने बयान में यात्रियों से माफी मांगी और कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की।
ये भी पढ़ें- कैपिटल दंगों पर कार्रवाई करने वाले वकील को नौकरी से निकाला गया, बोले- ईमानदारी की सजा मिली; जानें मामला
एफएए ने शुरू की हादसे की जांच
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के बाद कुछ समय के लिए डेनवर एयरपोर्ट के रनवे पर अन्य उड़ानें भी रोक दी गई थीं। हालांकि, आग बुझाने और यात्रियों को निकालने के बाद स्थिति को सामान्य किया गया।