भारत में कांग्रेस के 'पंजे', भारतीय जनता पार्टी के 'कमल', लालू की 'लालटेन', मुलायम की 'साइकिल', मायावती के 'हाथी' और केजरीवाल की 'झाड़ू' की तो याद है न! कुछ इसी तरह जिक्र हो रहा है अमेरिका में हिलेरी क्लिंटन के 'गधे' और डोनाल्ड ट्रंप के 'हाथी' के बीच छिड़ी जंग का।
दरअसल, अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी का चुनाव चिह्न हाथी है, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी का चिह्न गधा है। डेमोक्रेटिक पार्टी के डंकी या गधे का किस्सा ये है कि उसे 1828 के राष्ट्रपति चुनावों के दौरान पोस्टर के जरिए प्रचार के लिए इस्तेमाल किया गया।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एंड्रयू जैकसन ने इसे इस्तेमाल किया, क्योंकि उनके विपक्षी उन्हें इस नाम से बुलाते थे। इसके बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार थॉमस नस्ट ने गधे का ही कार्टून अपने प्रचार में इस्तेमाल किया और फिर 19वीं सदी के अंत तक ये पार्टी का लोकप्रिय चुनाव चिह्न बन चुका था। वैसे भारत में भी तमाम राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों की पहचान उनके नेताओं से जुड़ी है।