स्विट्जरलैंड के दौरे पर गए अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी रविवार को सीमावर्ती फ्रांस के इलाके में साइकिल चलाते वक्त गिर गए, जिसके चलते उनका दाहिना पैर टूट गया।
71 वर्षीय केरी को साइक्लिंग का बेहद शौक है और वह यात्रा के दौरान साइकिल साथ लेकर जाते हैं। साइक्लिंग के दौरान गिरने से केरी के दाहिने पैर की जांघ की हड्डी टूट गई।
उन्हें हेलीकॉप्टर से जेनेवा यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। जल्द ही वह अमेरिका रवाना हो जाएंगे। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘केरी की हालत स्थिर है और वे होश में हैं।’
दुर्घटना स्विट्जरलैंड के दक्षिण पूर्व करीब 40 किमी दूर फ्रांस के स्योंजियर इलाके में हुई। विदेश मंत्री ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वहां के राजनयिकों के साथ वार्ता को लेकर जेनेवा पहुंचे थे।