फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निचले सदन पर डेमोक्रेट का कब्जा, सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी की पकड़ बरकरार

Thu, 08 Nov 2018 08:05 AM IST
भाषा, वाशिंगटन
विज्ञापन
मध्यावधि चुनाव में मतदान करता अमेरिकी नागरिक
विज्ञापन

अमेरिका में हुए महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों में बुधवार को विपक्षी डेमोक्रेट ने कांग्रेस के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में अपना नियंत्रण कर लिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने उच्च सदन सीनेट में अपना बहुमत बरकरार रखा है। इन नतीजों से ऐसा माना जा रहा है कि 2020 के राष्ट्रपति चुनावों में दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच राजनीतिक कड़वाहट बढ़ेगी और इनके बीच कांटे का मुकाबला होगा।

विज्ञापन


डेमोक्रेट्स ने सत्ता में रिपब्लिकन पार्टी का एकाधिकार तोड़ दिया और उसे निचले सदन में 24 से अधिक सीटों का फायदा हुआ है। उसने पिछले आठ वर्षों में पहली बार 435 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल किया। डेमोक्रेटिक पार्टी से मिले प्रारंभिक बयानों के अनुसार पार्टी के नेताओं ने संकेत दिये है कि राष्ट्रपति ट्रंप के लिए और कठिन स्थिति बन जायेगी जो आव्रजन, कर और स्वास्थ्य देखभाल सुधारों समेत उनके कुछ अहम मुद्दों पर व्यापक विधायी परिवर्तन चाहते हैं।

पिछले कुछ सप्ताह से आक्रामक ढ़ंग से प्रचार कर रहे डोनाल्ड ट्रंप ने परिणामों को लेकर संतोष जताया और इसे जबर्दस्त सफलता के रूप में वर्णित किया। ट्रंप ने एक ट्वीट किया,‘‘आज रात जबर्दस्त सफलता। सभी को धन्यवाद।’’ निवर्तमान सदन में रिपब्लिकन पार्टी के पास 235 सीटें थीं जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की 193 सीटें थीं। अमेरिकी कांग्रेस में भारतीय अमेरिकियों के अनौपचारिक समूह कथित ‘समोसा कॉकस’ के सभी चार निवर्तमान सदस्य प्रतिनिधि सभा के लिए फिर से चुने गए।
विज्ञापन


इसमें राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना और एमी बेरा को जीत मिली। नेंसी पेलोसी (78) के प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष के रूप में फिर से निर्वाचित होने की उम्मीद है। प्रतिनिधि सभा भारत की लोकसभा के समान है। वाशिंगटन डीसी में अपने विजयी भाषण में पेलोसी ने कहा कि पार्टी देश के लिए द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए जीते हुए अपने नये बहुमत का उपयोग करेगी। इस मौके पर मौजूद अन्य डेमोक्रेटिक नेताओं के साथ उन्होंने कहा, ‘धन्यवाद, कल अमेरिका में एक नया दिन होगा।’ 

चुनावों में करीब 100 महिलाओं ने जीत दर्ज की है जिनमें से ज्यादातर डेमोक्रेट्स हैं। कम से कम 28 महिलाएं पहली बार निर्वाचित हुई हैं। सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी ने 100 सदस्यीय सीनेट में अपना बहुमत बरकरार रखा। सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के 51 जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के 49 सांसद हैं।

ट्रंप का रूस के साथ साठगांठ मामले की जांच बंद करने से इंकार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान रूस के साथ कथित साठगांठ को ‘अफवाह’ बताते हुए मामले की हो रही जांच पर एक बार फिर से निशाना साधा। हालांकि, उन्होंने इस बात से इंकार किया कि उनकी जांच को बंद करने की कोई योजना है।

मध्यावधि चुनाव में निचले सदन पर डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण होने के बाद व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने कहा, ‘मैं सबको अभी हटा सकता हूं, लेकिन मैं इसे नहीं बंद करना चाहता हूं क्योंकि राजनैतिक रूप से मैं इसे रोकना पसंद नहीं करता हूं।’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं रूसी जांच को लेकर चिंतित नहीं हूं क्योंकि यह अफवाह है।’ उन्होंने कहा, ‘यह अफवाह है।’

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें